ईरानी संसद के स्पीकर एमबी ग़ालिबाफ़ ने अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, चाहे अंतरात्मा की आवाज़ हो या जीवन-यापन का सवाल, अमेरिकी लोगों ने युद्ध को 'ना' कहा है. हम उनके इस संदेश का समर्थन करते हैं.
उन्होंने आगे लिखा, अगर अमेरिकी सरकार अंतर्राष्ट्रीय आकाओं और ब्लैकमेल करने वालों के दबाव में आकर अपनी जनता की इच्छा के ख़िलाफ़ जाती है, तो उसे हमारी 'ना' के गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.
अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर मतदान हुआ. इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव हुए.
इन चुनाव के नतीजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को कड़ी चुनौती मिल रही है. शुरुआती नतीजों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में बहुमत हासिल करने की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है.
चुनावी नतीजों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह मिडटर्म चुनाव के नतीजों को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने विपक्षी पार्टी के साथ मिलकर काम करने की बात भी कही है. 
ट्रंप ने माना, ईरान जंग का मिडटर्म चुनाव पर असर पड़ा 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि मिडटर्म चुनाव के दौरान ईंधन की बढ़ती क़ीमतों से रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ.
उन्होंने कहा कि जब लोगों को ईंधन के लिए ज़्यादा डॉलर देने पड़े, तो उन्हें यह पसंद नहीं आया.
फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह चुनावी नतीजों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के ख़िलाफ़ झटका नहीं मानते.
रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों में नियंत्रण खोती दिख रही है.
उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स कई सालों से इस बड़ी जीत की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने आख़िरकार इसे हासिल कर लिया. ट्रंप ने उन्हें "अच्छा काम" करने के लिए बधाई भी दी.
राष्ट्रपति ने इस दौरान पिछले दो साल की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने अर्थव्यवस्था और अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर सुरक्षा को अपनी प्रमुख उपलब्धियां बताईं. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).