मध्य पूर्व में जारी युद्ध और तनाव के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। तेहरान ने घोषणा की है कि अब केवल चीनी जहाजों को ही इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। ईरान ने बीजिंग के मजबूत समर्थन और युद्ध के दौरान उसके साथ खड़े रहने के लिए आभार जताते हुए यह कदम उठाया है। 
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अन्य देशों के जहाजों, खासकर पश्चिमी और उनके सहयोगी देशों के टैंकरों को इस रास्ते से गुजरने नहीं दिया जाएगा। उल्लंघन करने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। 
इससे पहले ईरान के आईआरजीसी ने सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना 'पूर्ण नियंत्रण' होने का दावा किया था। ईरान की समाचार एजेंसी 'फार्स' के अनुसार आईआरजीसी की नौसेना के अधिकारी मोहम्मद अकबरजादेह ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वर्तमान में होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से इस्लामिक गणराज्य की नौसेना के नियंत्रण में है। ईरान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है और कच्चे तेल एवं गैस की कीमतें बढ़ने लगी हैं।
वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मध्य पूर्व में जहाजों की सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना तैनात की जाएगी और ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखने के लिए जहाजरानी कंपनियों को 'उचित कीमत पर' जोखिम बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गयी है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).