रिपोर्ट : LegendNews
नसरल्लाह की मौत को लेकर ईरान की मांग, UNSC की बैठक बुलाई जाए
हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है. संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत आमिर इरवानी ने परिषद के 15 सदस्यों को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनके देश के राजनयिक परिसर या किसी राजदूत पर किसी भी तरह का हमला होता है, तो तेहरान इसे बर्दाश्त नहीं करेगा.
इरवानी ने कहा, ‘‘ईरान इंटरनेशनल लॉ के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने में बिल्कुल संकोच नहीं करेगा. राष्ट्र और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी मामलों की रक्षा के लिए ईरान हर संभव क़दम उठाएगा.’’
इरवानी ने कहा, ‘‘हम सुरक्षा परिषद से अपील करते हैं कि इसराइल के ख़िलाफ़ ‘निर्णायक फ़ैसला’ ले, ताकि ईरान खुद को युद्ध में धकेले जाने की स्थिति को टाल सके."
ईरान लंबे समय से हिज़्बुल्लाह को आर्थिक और सैन्य तौर पर मदद करता रहा है.
इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई ने कहा था कि नसरल्लाह की मौत ऐसा मामला नहीं है, जिसका बदला नहीं लिया जाएगा.
-Legend News

Recent Comments