ईरान ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया है कि उसने रूस के साथ Su-35 फाइटर जेट की डील की है। ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अक्रामिनिया ने तबनाक न्यूज को दिए इंटरव्यू में स्वीकार किया है कि यह डील पूरी हो चुकी है और युद्ध के खत्म होते ही ईरान को Su-35 जेट की डिलीवरी भी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि Su-35 डील से ईरान की हवाई क्षमता से बड़ा इजाफा होगा, जो इजरायल और अमेरिका की आक्रामकता का सामना कर रहा है।
ईरान-रूस में Su-35 जेट की डील पक्की
उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कहा कि ईरान के Su-35 खरीद का मुद्दा कई साल से उठाया जा रहा है। खरीद और कॉन्ट्रैक्ट के लिए जो शुरुआती काम करना था, वो बहुत पहले ही पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि ईरानी पायलटों को Su-35 फाइटर जेट उड़ाने की ट्रेनिंग भी मिल चुकी है। इसके अलावा ग्राउंड स्टाफ और मेंटीनेंस टीम को भी Su-35 के रखरखाव की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि Su-35 फाइटर जेट के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप किए जा रहे हैं। 
ईरान को कब मिलने वाले थे Su-35 जेट?
मोहम्मद अक्रामिनिया ने बताया कि ईरान को Su-35 फाइटर जेट फरवरी में युद्ध के शुरू होने से पहले ही मिलने वाले थे। उन्होंने कहा कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो युद्ध के खत्म होते ही हमें Su-35 फाइटर जेट की डिलीवरी मिलनी भी शुरू हो जाएगी, जिससे हम अपनी फ्लीट में जबरदस्त इजाफा करेंगे। उन्होंने Su-35 फाइटर जेट की खरीद को ईरान की हवाई शक्ति को अपग्रेड करने की कोशिशों का हिस्सा बताया। 
सैन्य शक्ति में इजाफा कर रहा ईरान
उन्होंने बताया कि ईरानी सेना तेजी से खुद को अपग्रेड कर रही है। दुश्मनों के हमलों का सामना करने के लिए ईरान अपने ग्राउंड रडार, एयरबोर्न रडार और सैटेलाइट सिस्टम को मजबूत कर रहा है। इसके अलावा हवाई शक्ति को बढ़ाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ईरानी सेना अमेरिका और इजरायल के किसी भी हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रशिक्षित है। अक्रामिनिया ने कहा कि देश की सेना पूरी तरह तैयार और अलर्ट है। अगर दुश्मन कोई हिमाकत करता है तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। 
ईरानी पायलटों को Su-35 जेट पर ट्रेनिंग
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने यह नहीं बताया कि ईरान ने रूस से कितने Su-35 फाइटर जेट की डील की है। इस डील की कीमत क्या है या यह कब तक पूरी तरह से ईरानी वायुसेना में शामिल होंगे। इस बीच सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ईरान ने रूस से शुरुआती तौर पर 24 Su-35 फाइटर जेट खरीदने की डील की है। इस संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है। अमेरिका ने भी पुष्टि की है कि ईरान के पायलटों को Su-35 फाइटर जेट उड़ाने की ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).