रिपोर्ट : LegendNews
आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी को मिली पहली गेंद पर छक्का लगाने की चुनौती
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरत में डाल दिया है। दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बाउंड्री के साथ अपना खाता खोलने की उनकी आदत ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया है। यहां तक कि उन्होंने क्रिकेट के यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। हालांकि शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज इयान बिशप ने सूर्यवंशी को कड़ी चेतावनी दी है।
आज सूर्यवंशी के सामने स्टार्क की चुनौती
इयान बिशप का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच में मिचेल स्टार्क के खिलाफ वैभव के लिए राह आसान नहीं होगी। ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बात करते हुए बिशप ने कहा, 'मुझे लगता है कि आपको मिचेल स्टार्क को श्रेय देना होगा। वह एक बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे वह जसप्रीत बुमराह की तरह गलती नहीं करेंगे।'
हर गेंदबाज पर भारी पड़ रहे हैं वैभव सूर्यवंशी
बिशप का यह बयान इस युवा बल्लेबाज के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है जो पहले ही ट्रेंट बोल्ट और जोश हेजलवुड जैसे धारदार गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा चुका है। सूर्यवंशी की बल्लेबाजी तकनीक को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञ काफी उत्साहित हैं। बिशप ने उनकी मानसिक मजबूती की तारीफ करते हुए कहा कि वैभव का बैट स्विंग किसी बेसबॉल खिलाड़ी की तरह है। अक्सर युवा बल्लेबाजों की कोई न कोई कमजोरी जल्द ही उजागर हो जाती है लेकिन वैभव के मामले में ऐसा नहीं है।
लेंथ गलत होते ही मारते हैं छक्का
बिशप ने इस पर बात करते हुए कहा, 'यह देख पाना बहुत कठिन है कि उनकी असल कमजोरी क्या है। अंडर-19 वर्ल्ड कप और सनराइजर्स के खिलाफ बैक ऑफ लेंथ गेंदों ने उनके लिए कुछ मुश्किलें पैदा की थीं लेकिन अगर आपकी लेंथ सटीक नहीं रही तो वही गेंदें स्टेडियम के बाहर नजर आती हैं।' बिशप के मुताबिक, वैभव की काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिग्गज गेंदबाजों को उनके खिलाफ प्लान ए, बी, सी से लेकर ई, एफ और जी तक आजमाने पड़ रहे हैं।
-Legend News

Recent Comments