रिपोर्ट : LegendNews
आईपीएल 2026: आरसीबी का सीएसके के बीच मुकाबला आज, मुश्किल में चेन्नई
आईपीएल 2026 के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक आरसीबी बनाम सीएसके के लिए मंच सज चुका है। चिन्नास्वामी के मैदान पर होने वाली इस साउदर्न डर्बी में रनों का सैलाब आना तय है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी जहां जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं ऋतुराज की चेन्नई पहली जीत के लिए बेताब है।
आरसीबी की नजरें जीत की हैट्रिक पर, मुश्किल में चेन्नई
रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने घरेलू मैदान पर आत्मविश्वास से लबालब होकर लौट रही है। पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को रौंदने के बाद आरसीबी का संतुलन बेहद मजबूत नजर आ रहा है। दूसरी ओर ऋतुराज गायकवाड़ की चेन्नई सुपर किंग्स के लिए राह आसान नहीं है। शुरुआती दो मैचों में करारी हार झेलने वाली चेन्नई की गेंदबाजी अब तक पूरी तरह फ्लॉप रही है, और चिन्नास्वामी की छोटी बाउंड्री उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।
क्या इतिहास दोहराएगी चेन्नई?
आंकड़ों की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 21 मैच चेन्नई ने जीते हैं, जबकि आरसीबी ने 13 बार बाजी मारी है। हालांकि, हालिया फॉर्म आरसीबी के पक्ष में है। बेंगलुरु ने पिछले तीन मुकाबलों में लगातार चेन्नई को मात दी है।
कैसी होगी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच अपनी सपाट प्रकृति और तेज आउटफील्ड के लिए मशहूर है। यहां की बाउंड्री इतनी छोटी हैं कि मामूली हिट भी छक्के के लिए चली जाती है। रात 7:30 बजे मैच शुरू होने के कारण ओस एक बड़ा फैक्टर होगी। दूसरी पारी में गेंदबाजी करना स्पिनर्स के लिए बेहद मुश्किल हो जाएगा, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। यहां 215 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा रहा है।
-Legend News

Recent Comments