रिपोर्ट : LegendNews
IPL 2026: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना ठोका
आईपीएल 2026 में नियमों को लेकर सख्ती जारी है और इसी कड़ी में श्रेयस अय्यर को एक चूक की बड़ी सजा मिली। पंजाब किंग्स के कप्तान अय्यर पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में धीमी ओवर रेट बनाए रखने के कारण 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जहां पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया। यह पंजाब की लगातार दूसरी जीत रही, लेकिन जीत के बावजूद टीम को अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
श्रेयस अय्यर पर 24 लाख का जुर्माना
आईपीएल की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, यह इस सीजन में पंजाब किंग्स का दूसरा ओवर रेट उल्लंघन था। आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत यह नियम लागू होता है, जो न्यूनतम ओवर रेट से जुड़ा है। पहली गलती के बाद टीम को चेतावनी दी जाती है लेकिन दूसरी बार उल्लंघन होने पर सजा बढ़ा दी जाती।
पंजाब किंग्स के बाकी खिलाड़ियों का भी नुकसान
इसी नियम के तहत श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा टीम के बाकी खिलाड़ियों पर भी आर्थिक दंड लगाया गया है। प्लेइंग इलेवन के सभी खिलाड़ी, जिसमें इम्पैक्ट प्लेयर भी शामिल है, पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा।
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और आखिरी ओवरों में मैच अपने नाम कर लिया। टीम की यह जीत उन्हें अंक तालिका में मजबूती देती है, लेकिन धीमी ओवर रेट ने उनकी खुशी को थोड़ा फीका जरूर किया।
आईपीएल में ओवर रेट को लेकर पहले भी कई कप्तानों पर कार्रवाई हो चुकी है। लीग प्रशासन का मानना है कि समय पर मैच खत्म करना दर्शकों और प्रसारण के लिहाज से बेहद जरूरी है। इसलिए इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाता है।
कुल मिलाकर, पंजाब किंग्स ने मैदान पर जीत जरूर दर्ज की, लेकिन नियमों की अनदेखी उन्हें महंगी पड़ गई। आने वाले मैचों में टीम मैनेजमेंट इस गलती को दोहराने से बचना चाहेगा।
-Legend News

Recent Comments