रिपोर्ट : LegendNews
आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी नहीं खेल सकेंगे एमएस धोनी
एमएस धोनी के मैदान पर लौटने का इंतजार कर रहे चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को एक बार फिर मायूसी हाथ लगी है। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 5 मई को होने वाले मुकाबले के लिए धोनी टीम के साथ दिल्ली नहीं गए हैं। वे फिलहाल चेन्नई में ही रहकर अपनी काफ इंजरी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। सीजन की शुरुआत से ही चोटिल होने के कारण धोनी अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं और उनकी अनुपस्थिति में संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
फिर से उभरी चोट
धोनी सीजन के बीच में फिट होने के काफी करीब थे लेकिन ट्रेनिंग के दौरान एक बार फिर उनकी चोट उभर आई। टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने खुलासा किया है कि धोनी की रिकवरी में देरी क्यों हो रही है। फ्लेमिंग ने बताया, 'पिंडली की चोट काफी जटिल होती है। अगर वे दौड़ने की कोशिश करते हैं और मांसपेशी दोबारा खिंच जाती है तो वे पूरे सीजन के लिए बाहर हो सकते हैं। हमने शुरुआत में कोशिश की थी लेकिन वॉर्म-अप मैच के दौरान उनकी चोट फिर से उभर आई। तब से वे मूवमेंट हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन इस झटके ने प्रक्रिया को हमारी सोच से ज्यादा लंबा खींच दिया है।'
सीएसके का सावधानी भरा फैसला
मैनेजमेंट धोनी को लेकर कोई भी जल्दबाजी करने के मूड में नहीं है। कोच फ्लेमिंग का मानना है कि धोनी जैसे खिलाड़ी को पूरी तरह फिट होने के बाद ही मैदान पर उतारना समझदारी है। टीम को डर है कि आधे-अधूरे फिट धोनी को खिलाना उनके करियर और मौजूदा सीजन दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। फिलहाल धोनी चेन्नई में ही रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं ताकि टूर्नामेंट के अंतिम चरण तक वे पूरी तरह उपलब्ध हो सकें।
संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन
धोनी की कमी को काफी हद तक संजू सैमसन ने अपने बल्ले से पूरा किया है। सीएसके के लिए अपने पहले ही सीजन में संजू जबरदस्त फॉर्म में हैं। वे अब तक 9 मैचों में 315 रन बना चुके हैं जिसमें दो शानदार शतक भी शामिल हैं। संजू की इस बल्लेबाजी ने टीम को मजबूती दी है और धोनी की गैरमौजूदगी में भी टीम को मुकाबले में बनाए रखा है।
अंक तालिका में सीएसके की स्थिति
चेन्नई के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआत में हार झेलने के बाद टीम ने पिछले पांच मैचों में से तीन में जीत दर्ज कर वापसी की है। फिलहाल 9 मैचों के बाद चेन्नई की टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर काबिज है।
-Legend News

Recent Comments