मथुरा। जनपद मथुरा स्थित इफको बाजार मंडी, मथुरा में सहकारी व्यापार मॉडल के माध्यम से कृषि और ग्रामीण विकास पर अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स का एक महत्वपूर्ण अध्ययन एवं अवलोकन भ्रमण आयोजित किया गया जिसमें  नेपाल देश से 9 डेलीगेट्स तथा भारत से 7 डेलीगेट्स सम्मिलित रहे। भ्रमण के दौरान FMDI के वरिष्ठ प्रबंधक डॉक्टर जीवन राम खोजा जी की  गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही  इफको उप क्षेत्र प्रबंधक श्री सतवीर सिंह जी, इफको बाजार प्रभारी श्री राहुल मिश्रा जी, एम०डी० ई०  कुलदीप चतुर्वेदी, एवं SFA दुर्गपाल जी भी उपस्थित रहे।
इस  अवसर पर इफको उप क्षेत्र प्रबंधक श्री सतवीर सिंह जी द्वारा सभी आगंतुक डेलीगेट्स का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात उन्होंने डेलीगेट्स को इफको की कार्यप्रणाली, किसान हितैषी योजनाओं एवं नवीन कृषि तकनीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
डॉक्टर जीवन राम खोजा जी, वरिष्ठ प्रबंधक इफको FMDI गुड़गांव ने अपने संबोधन में बताया कि वर्तमान समय में परंपरागत दानेदार उर्वरकों के अत्यधिक एवं असंतुलित प्रयोग के कारण खेतों की मृदा उर्वरता में निरंतर कमी, पर्यावरण प्रदूषण तथा मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहा है। इन समस्याओं के समाधान हेतु इफको द्वारा विकसित नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी अत्यंत प्रभावी एवं वैज्ञानिक विकल्प के रूप में किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि नैनो उर्वरक सीधे पौधों की पत्तियों के माध्यम से अवशोषित होकर कार्य करते हैं, जिससे पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता कई गुना बढ़ जाती है। इसके परिणामस्वरूप किसानों की उर्वरक लागत में कमी, उत्पादन में वृद्धि तथा आय में सुधार संभव हो पाता है, साथ ही मृदा एवं पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित होता है। उपस्थित सभी डेलीगेट्स को नैनो उर्वरकों की उपयोगिता, उनके वैज्ञानिक आधार एवं भविष्य की संभावनाओं के विषय में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि इफको किसानों को एक ही छत के नीचे उर्वरक, तकनीकी मार्गदर्शन, डिजिटल सेवाएं एवं कृषि से संबंधित अन्य संसाधन उपलब्ध करा रहा है, जिससे किसानों को संपूर्ण कृषि समाधान प्राप्त हो रहा है।
भ्रमण के दौरान डेलीगेट्स ने इफको बाजार मंडी की व्यवस्थाओं, उत्पादों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली एवं किसान सेवा केंद्रों का अवलोकन किया तथा इफको द्वारा किए जा रहे नवाचारों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स ने इफको की नैनो तकनीक आधारित पहल को सतत एवं भविष्य उन्मुख कृषि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों द्वारा इफको की किसान-केंद्रित नीतियों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं तकनीकी भ्रमणों को और अधिक बढ़ाने पर बल दिया गया।
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).