रिपोर्ट : LegendNews
पश्चिम एशिया में तनाव के मद्देनजर इंडिगो और एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
इंडिगो एयरलाइंस ने शनिवार को यात्रियों के लिए परामर्श (एडवाइजरी) जारी किया। इसमें कहा गया कि वह क्षेत्र में बदले बदलते भू-राजनीतिक माहौल के बीच ईरान और उसे हवाई क्षेत्र से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए हुए है। इसके अलावा, एअर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में इंडिगो ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में इंडिगो ने कहा, 'हम ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से जुड़े अपडेट पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। हमारे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों (क्रू) की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति बदलने पर हमारी टीमें किसी जरूरी बदलाव को लागू करने के लिए तैयार हैं।'
एयलाइन ने यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी। इंडिगो ने कहा, यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी जाती है। किसी भी प्रभाव की स्थिति में अपडेट पंजीकृत संपर्क विवरण के जरिये तुरंत साझा किए जाएंगे। इंडिगो ने आगे कहा कि वह यात्रियों को लगातार जानकारी देता रहेगा और इस अवधि के दौरान पूरी तरह सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इंडिगो ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ईरान और पश्चिम एशिया के आसपास हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों में बदलावों को देखते हुए वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 0000 बजे तक रद्द कर दी गई हैं। यह निलंबन भारतीय समयानुसार 0000 बजे तक लागू रहेगा। एक सूत्र के मुताबिक, दुबई, जेद्दा, दोहा, अबू धाबी, दम्माम, बहरीन, शारजाह, कुवैत और रस अल-खैमाह से आने-जाने वाली उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।
एअर इंडिया ने भी जारी की एडवाइजरी
इस बीच, एअर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एअरलाइन ने कहा, पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में पैदा हुई स्थिति को देखते हुए एअर इंडिया की पश्चिम एशिया के सभी गंतव्यों के लिए सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। हम अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपनी उड़ानों के संचालन के लिए सुरक्षा के माहौल का निरंतर आकलन करेंगे और जरूरत के अनुसार परिचालन में बदलाव करेंगे। हमारी टीमें यात्रियों को हरसंभव मदद प्रदान करेंगी।
एयलाइन ने आगे कहा, इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कृपया हमारे 24x7 सहायता केंद्र से +911169329333 और +91 1169329999 पर संपर्क करें। आपसे अनुरोध है कि हमारी वेबसाइट भी देखें। आपके धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद।
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा
यह ट्रैवल एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है, खासकर ईरान और इस्राइल के बीच। इसका असर ईरानी हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली उड़ानों और मार्गों पर पड़ सकता है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने भी आज एक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की। दूतावास ने इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए संयुक्त सैन्य हमले के बाद भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने और अनावश्यक गतिविधियों से बचने का आग्रह किया है।
इस्राइल और अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभियान
इस्राइल और अमेरिका ने 'ऑपरेशन रोअरिंग लायन' नाम से सैन्य अभियान चलाकर ईरान पर हमला किया। इसमें सैन्य ठिकानों, मिसाइल उत्पादन इकाइयों और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास के इलाकों को निशाना बनाया गया। 'टाइम्स ऑफ इस्राइल' के मुताबिक इस अभियान का नाम इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तय किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण देहरान में कई मंत्रालयों को निशाना बनाया गया। लोगों ने जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं।
-Legend News

Recent Comments