रिपोर्ट : LegendNews
आज दबाव में हुई भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत, निवेशकों में दिखाई दी निराशा
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को दबाव में हुई। सेंसेक्स ज सुबह 243.57 अंक की गिरावट के साथ 77,319.33 पर खुला। इसके बाद इसमें और गिरावट देखने को मिली। 9.45 बजे तक 558.21 अंक या 0.72% गिरावट के साथ सेंसेक्स 77,004.69 के स्तर पर आ गया। एनएसई का निफ्टी सुबह 88.30 अंक की गिरावट के साथ 23,909.05 पर खुला। एनएसई का यह बेंचमार्क इंडेक्स इस समय 140.15 अंक या 0.58% गिरावट के साथ 23,857.20 पर ट्रेड कर रहा है। बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी, लेकिन आज के कारोबार में निवेशकों में निराशा साफ दिखाई दे रही है। अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम के उल्लंघन से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ और इसका दबाव शुरुआती कारोबार में दिखाई दे रहा है।
वैश्विक संकेतों से दबाव, निवेशक सतर्क
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्धविराम को लेकर बनी अनिश्चितता का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है। निवेशक फिलहाल बड़े दांव लगाने से बच रहे हैं और मुनाफावसूली का रुख अपनाते दिख रहे हैं। हालांकि गिरावट बहुत ज्यादा नहीं है, जिससे संकेत मिलता है कि बाजार पूरी तरह कमजोर नहीं हुआ है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और बैंकिंग इंडेक्स दोनों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। वहीं भारत-22 जैसे कुछ इंडेक्स में मामूली बढ़त भी देखने को मिली, जो बाजार में संतुलन का संकेत है। कुल मिलाकर बाजार में मिलाजुला रुख बना हुआ है, जहां कुछ सेक्टर दबाव में हैं तो कुछ में खरीदारी जारी है।
वैश्विक बाजारों में मिला-जुला असर
अमेरिकी शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार उछाल आया और प्रमुख इंडेक्स 2.5% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके विपरीत एशियाई बाजारों में गुरुवार को हल्की गिरावट देखने को मिली, क्योंकि ईरान की ओर से युद्धविराम के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। इससे निवेशकों में अनिश्चितता बनी हुई है, जो बाजार की दिशा तय कर सकती है। कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को फिर से तेजी देखने को मिली, क्योंकि सप्लाई को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
-Legend News

Recent Comments