कनाडा के ओनटारियो प्रांत के लासाल शहर में सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी के लिए चर्चित भारतीय मूल की सोशल मीडिया एक्टिविस्ट व गायिका 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने उसकी पहचान की है।
कनाडा के एक अखबार विंडसर स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, लासले पुलिस सर्विस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की पुष्टि की और परिवार व दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने कहा है कि शुरुआती जांच में इसे एक “अलग-थलग घटना” माना जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कोई संदिग्ध हिरासत में है या नहीं। 
कैसे हुआ घटनाक्रम?
मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे पुलिस और पैरामेडिक्स को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकूबाज़ी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक मेडिकल टीम ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। 
बुधवार सुबह अधिकारियों ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को घेर लिया। एक घर के सामने कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत चिह्न (एविडेंस मार्कर) लगाए गए थे। लगभग एक किलोमीटर दूर एक जंगली क्षेत्र को भी पुलिस टेप से सील किया गया।
पुलिस ने इस मामले से जुड़ी जानकारी रखने वाले लोगों से डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करने की अपील की है। साथ ही आसपास के निवासियों से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
कौन थीं नैन्सी ग्रेवाल?
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय थीं। वह सिख राजनीति, बड़े राजनीतिक नेताओं और खासकर डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादित टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं। 
उनके वीडियो अक्सर वायरल होते थे, जिसके चलते उन्हें समर्थन और विरोध—दोनों का सामना करना पड़ता था। हालांकि पुलिस ने अब तक उनकी आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है और न ही हत्या के पीछे संभावित कारणों पर कोई विस्तृत जानकारी दी है। जांच जारी है और पुलिस सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).