रिपोर्ट : LegendNews
FIH प्रो लीग में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा
लंदन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए FIH प्रो लीग के लंदन चरण के तीसरे मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में 7वें नंबर पर है. उन्होंने 15 मैच में 4 जीते और 7 हारे, जबकि 4 मैच ड्रॉ रहे. वहीं पाकिस्तान 15 मैच में से 15 हारकर 9वें स्थान पर है.
भारत ने शुरू में गोल खाने के बाद शानदार वापसी की और इसके बाद गोल की बारिश कर दी. सुखजीत सिंह (20वें), हरमनप्रीत सिंह (26वें), हार्दिक सिंह (34वें), जुगराज सिंह (35वें), अभिषेक (41वें), राज कुमार पाल (44वें) और दिलप्रीत सिंह (54वें) ने गोल किए. मिडफील्डर हार्दिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मैच की शुरुआत बेहद तेज गति से हुई. मनदीप सिंह के शानदार प्रदर्शन से भारत ने 90 सेकंड के भीतर ही पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया. भारत इसका फायदा नहीं उठा पाया और पाकिस्तान ने जवाबी हमला करते हुए 13वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर दिया.
भारत ने वीडियो रेफरल लिया लेकिन फैसला उसके पक्ष में नहीं गया और पाकिस्तान के कप्तान अबू बकर महमूद ने ड्रैग-फ्लिक से गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया. भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में अपने सटीक पास से मैच पर नियंत्रण हासिल कर लिया.
पाकिस्तान को 18वें मिनट में उस समय झटका लगा जब अहमद नदीम के चेहरे पर उनके साथी खिलाड़ी अली गजनफर के एक पास से चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. भारत ने लगभग तुरंत ही इसका फायदा उठाया. पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के जोरदार ड्रैग-फ्लिक शॉट को सुखजीत ने चतुराई से गोल में बदल दिया. इस तरह से भारत ने 20वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया.- Legend News

Recent Comments