रिपोर्ट : LegendNews
जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगे भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा
भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा इस साल जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगे। जहां वे अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेंगे। इसकी पुष्टि शनिवार यानि 27 जून को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) की चयन समिति के अध्यक्ष अडिले सुमरिवाला ने की।नीरज चोपड़ा पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी भागीदारी की पुष्टि कर चुके हैं। अब AFI ने भी साफ कर दिया है कि वेएशियाई खेलों की टीम का हिस्सा होंगे। हाल ही में उन्होंने चोटिल होने के बाद दोहा डायमंड लीग में वापसी की थी।
एशियन गेम्स के लिए तैयार नीरज चोपड़ा
एशियाई गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। जहां नीरज चोपड़ा के सामने अपने स्वर्ण पदक को सफलतापूर्वक बचाव करने की कोशिश चुनौती होगी। सुमरिवाला ने बताया कि नीरज चोपड़ा अपनी लोअर बैक की चोट से अच्छी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'हां, नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों दोनों में हिस्सा लेंगे। वह पहले ही इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं और लगातार रिकवरी कर रहे हैं। अपने सीजन के पहले ही मुकाबले में उन्होंने 86 मीटर के करीब (85.69 मीटर) का थ्रो किया, जो शानदार प्रदर्शन है।'
दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहे
नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग से अपने 2026 सीजन की शुरुआत की थी। लोअर बैक इंजरी से उबरने के बाद उन्होंने इस प्रतियोगिता में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और चौथे स्थान पर रहे। सुमरिवाला ने आगे कहा, 'उन्होंने 2022 के चीन में आयोजित एशियाई खेलों में 88 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। अब वह फिर से 86 मीटर के करीब पहुंच चुके हैं, इसलिए हमें कोई कारण नहीं दिखता कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों दोनों में अच्छा प्रदर्शन नहीं करेंगे।'
इन 2 खिलाड़ियों से हो सकती है कड़ी टक्कर
नीरज चोपड़ा 2023 में हांगझोउ एशियाई खेलों में 88.88 मीटर का भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीतने के बाद मौजूदा चैंपियन के रूप में जापान जाने वाले हैं। इस बार उनका लक्ष्य अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करना होगा। इस बार उन्हें श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे से तगड़ा कॉम्पीटीशन मिलने वाला है। जिन्होंने इस साल की शुरुआत में 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। इसके अलावा पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम के भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की संभावना है।
-Legend News

Recent Comments