ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी, इंग्लैंड की ओपनर डैनी व्याट-हॉज, भारत की स्मृति मंधाना और साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर मारिजाने कैप को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। इन चारों खिलाड़ियों का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है। एलिसा पेरी और डैनी व्याट अपने शानदार खेल के बूते ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को फाइनल में पहुंचाने में सफल रही हैं। वहीं, मंधाना के दमदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई। कैप ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
एलिस पेरी ने एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अब तक छह मैचों में 46.25 की औसत से 185 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में चार विकेट भी निकाले हैं। ऑस्ट्रेलिया के फाइनल तक अजेय सफर के दौरान पेरी को तीन बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में दो विकेट लेने के साथ 19 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके बाद पाकिस्तान और भारत के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और ऑस्ट्रेलिया को बिना कोई मैच गंवाए फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 
डैनी व्याट महिला टी20 विश्व कप 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही हैं। वह 6 मुकाबलों में 294 रन बना चुकी हैं। व्याट इस विश्व कप में एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुकी हैं। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन के बूते इंग्लैंड को फाइनल का टिकट दिलाने में महत्वपूर्ण रोल अदा किया है। व्याट का टूर्नामेंट में स्ट्राइक रेट 152.33 का रहा है। भले ही भारतीय टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया, लेकिन स्मृति मंधाना ने अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया। मंधाना ने 5 मुकाबलों में 140 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 205 रन बनाए। मंधाना ने इस दौरान दो अर्धशतक लगाए। उन्होंने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ अर्धशतक लगाया। 
आईसीसी द्वारा शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों में मारिजाने कैप का नाम भी शामिल है। कैप ने प्रोटियाज टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम किरदार निभाया। उन्होंने टूर्नामेंट में 31 की औसत से खेलते हुए 124 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में 14.37 की एवरेज से 8 विकेट चटकाए। कैप का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन भारत के खिलाफ आया, जहां उन्होंने 2 विकेट लेने के साथ-साथ 81 रनों की दमदार पारी भी खेली। 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' अवॉर्ड के विजेता की घोषणा रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद की जाएगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).