भारत और वियतनाम ने बुधवार को उच्चस्तरीय रक्षा वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े साझा मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
यह बैठक भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और वियतनाम पीपुल्स आर्मी के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ एवं उप रक्षा मंत्री जनरल गुयेन तान कुओंग के बीच हुई।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग में हुई सकारात्मक प्रगति की समीक्षा की। विशेष रूप से दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग, क्षमता निर्माण और पेशेवर आदान-प्रदान को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े साझा मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और गहरा करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इससे पहले मंगलवार को एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हनोई स्थित हो ची मिन्ह समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने वियतनाम वायुसेना की 371 एयर डिवीजन की रेजिमेंट-927 का दौरा किया और वहां के वरिष्ठ अधिकारियों तथा लड़ाकू विमान चालकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेजिमेंट की परिचालन क्षमता और प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी भी ली।
भारतीय दूतावास के अनुसार, यह दौरा भारत और वियतनाम के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह सोमवार से तीन दिवसीय आधिकारिक वियतनाम दौरे पर हैं। हनोई पहुंचने पर भारत के राजदूत शेरिंग डब्ल्यू. शेरपा ने उनका स्वागत किया और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
दौरे के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का औपचारिक स्वागत वियतनाम पीपुल्स आर्मी की एयर डिफेंस-एयर फोर्स सर्विस ने किया। इसके बाद उनकी वियतनाम की एयर डिफेंस-एयर फोर्स सर्विस के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वू होंग सोन के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा और भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा की गई। 
-Legend News 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).