भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम जोड़ दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले के दौरान भारत एक कैलेंडर ईयर (साल 2026) में 400 टी20 इंटरनेशनल छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचते ही टीम इंडिया ने अपने आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है और क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
सिर्फ 40 मैचों में जड़ दिए 400 छक्के
इस साल भारत द्वारा खेले गए 40 टी20 मुकाबलों में जड़े गए कुल 400 छक्कों में से 142 छक्के अकेले न्यूजीलैंड के खिलाफ आए हैं। क्रिकबज के आंकड़ों के अनुसार यह किसी भी एक टीम द्वारा एक ही विरोधी टीम के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का नया विश्व रिकॉर्ड भी है। इस रिकॉर्ड के साथ ही भारतीय टीम टी20 क्रिकेट इतिहास में कुल छक्कों के मामले में 2,000 के आंकड़े को पार करते हुए वेस्टइंडीज के ऑल-टाइम रिकॉर्ड की बराबरी के बेहद करीब पहुंच गई है। 
ईशान और श्रेयस की तूफानी फिफ्टी, भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 192 रनों का लक्ष्य
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी धीमी रही लेकिन मध्यक्रम में गेंदबाजों पर जोरदार प्रहार देखने को मिले। ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने महज 23 गेंदों में 4 छक्कों के दम पर 50 रन ठोके। इन दोनों की विस्फोटक पारियों के दम पर भारत ने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज एडम मिलने ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 4 विकेट झटके। 
192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खतरनाक ओपनर फिन एलेन को ईशान किशन के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 3-1 से अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है और अब इस ऐतिहासिक मुकाबले को जीतकर सीरीज का समापन 4-1 से करने के इरादे से मैदान पर डटी हुई है।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).