रिपोर्ट : LegendNews
इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए: दूसरे दिन ध्रुव जुरेल का शतक, 452 रन पर पारी घोषित
इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दूसरे दिन इंडिया-ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ दिया है। जुरेल ने 215 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्का की मदद से नाबाद 141 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से इंडिया-ए ने छह विकेट पर 452 रन बनाकर पारी घोषित कर दी है।
ध्रुव जुरेल ने जड़ा शतक
ध्रुव जुरेल के फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का छठा शतक है। ध्रुव जुरेल ने पहली पारी में 5वें विकेट के लिए शेख रशीद के साथ मिलकर 232 गेंदों पर 126 रन की शतकीय साझेदारी की। शेख रशीद ने पहली पारी में 5 चौकों की मदद से 63 रन बनाए और इस दौरान 113 गेंदों का सामना किया।
सुदर्शन ने भी जड़ा था शतक
इससे पहले सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 175 गेंद पर 18 चौकों की मदद से 132 रन बनाकर आउट हुए। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में आयुष पांडे और ऋतुराज गायकवाड़ का अच्छा साथ पाया। दोनों सलामी बल्लेबाजों साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर इंडिया-ए को शानदार शुरुआत दी। दिलुम सुदीरा ने आयुष पांडे को आउट किया। आयुष पांडे ने 64 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया।
ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला
देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) के फेल होने पर एक समय पर भारतीय पारी लड़खड़ाती हुई नजर आई थी। मगर फिर कप्तान ध्रुव जुरेल ने शेख रशीद के साथ मिलकर पारी को संभाला। श्रीलंका के लिए चमिका गुणसेकरा ने तीन विकेट लिए हैं। दिलुम सुदीरा ने दो और रविन्दु फर्नांडो ने एक विकेट लिए।
सुदर्शन और जुरेल को मिलेगा इस शतक का फायदा
सुदर्शन और जुरेल का यह शतक सही समय पर आया है। दोनों ही खिलाड़ी मुख्य भारतीय टीम का हिस्सा हैं। अगस्त में सीनियर भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगी, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में इन शतकीय पारियों से दोनों खिलाड़ियों को श्रीलंकाई परिस्थितियों का अनुभव हासिल करने में मदद मिलेगी। श्रीलंका में टेस्ट मैच खेलना भारत के लिए पिछले कुछ सालों से काफी चुनौतीपूर्ण रहा है।
-Legend News

Recent Comments