मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई संपन्न। बैठक में जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के संबंध में जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल सहित जनपद की समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य इकाइयों में लाभार्थियों को देय भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा ओपीडी की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

बैठक में विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई जिसमें शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने एवं टीकाकरण से संबंधित समस्त रिकॉर्ड ऑनलाइन अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु के स्वास्थ्य हेतु गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल, नवजात शिशुओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लाने पर बल दिया गया।

बैठक में टीबी एवं अन्य बीमारियाँ पर समीक्षा की गई। टीबी जांच को बढ़ावा देने, मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू एवं चिकनगुनिया के प्रति सतर्कता बरतने तथा समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को भी निर्देशित किया कि जिला अस्पतालों में सीटी/एमआरआई जैसी सुविधाएं प्रारंभ करे। चिकित्सीय उपकरणों एवं आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी/सीएचसी) में उपचार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से अन्यत्र न भटकना पड़े।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राधावल्लभ, सीएमएस जिला अस्पताल नीरज अग्रवाल सहित एसीएमओ उपस्थित रहे।

- Legend News
 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).