रिपोर्ट : LegendNews
श्रीकृष्ण जन्मभूमि से हटे अवैध कब्जा, अपने मूल गर्भ-गृह में विराजेंगे कन्हैया: विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज
मध्वाचार्य परंपरा के अष्टमठों की ओर से प्रथम बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर द्वैत वेदांत भाव से हुआ विशेष पूजन
मथुरा। जगद्गुरू श्रीमान माधवाचार्य मूल महासंस्थान के प्रतिष्ठित पीठाधीश श्री पेजावर अधोक्षज मठ, उडुपी के पीठाधीश्वर एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के ट्रस्टी पूज्य श्री श्री 1008 विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज ने आज मंगलवार (06 अक्टूबर) को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान श्रीकृष्ण की विशिष्ट पूजा अर्चना की। द्वैत वेदांत परंपरा के अनुरूप वैदिक मंत्रों के सस्वर पाठ के साथ संपन्न इस विषेश धार्मिक अनुष्ठान में ब्रज की सहज भक्ति एवं उडुपी की उपासना परंपरा दोनों के ही दर्शन हुऐ।
इस संबंध में जानकारी देते हुऐ श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने बताया कि श्रीभागवत भवन में जगद्गुरू श्रीमान माधवाचार्य मूल महासंस्थान के प्रतिष्ठित पीठाधीश श्री पेजावर अधोक्षज मठ के पीठाधीश्वर पूज्य श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम एवं भगवान हयग्रीव के श्रीविग्रह की स्थापना के उपरान्त तुलसी दल, कमल पुष्प आदि अनेकानेक पूजन-भोग सामग्री से ठाकुरजी का समस्थान पूजन हुआ। श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर प्रथमवार जगद्गुरू द्वारा समस्थान पूजन किया गया।
पूज्य स्वामी श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज श्रीठाकुरजी के 800 वर्ष से पूजित चल-विग्रह के साथ श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर पधारे और श्री ठाकुरजी के समक्ष समस्थान पूजन किया। हजारों-हजार ब्रजवासियों एवं श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर द्वैत दर्शन परंपरा से संपन्न हुए समस्थान पूजन और ब्रज की भावमय भक्ति दोनों के ही एक साथ दर्शन किये।
ज्ञातव्य है कि जगद्गुरू श्रीमान मध्वाचार्य के द्वारा पूजित लगभग 800 वर्ष पुराने भगवान के यह चल विग्रह अत्यन्त सजीव एवं दिव्य है। तदोपरान्त स्वामी श्री ने श्रीगर्भ-गृह में तुलसी एवं पुष्पों के साथ विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ एवं पुष्पार्चन किया।
पूजन के उपरान्त आध्यात्मिक रूप से भाव-विभोर पूज्य स्वामी जी ने कहा कि सनातन के पवित्र स्थलों को तोड़कर आताताइयों के द्वारा बनाये गये ढांचे करोड़ों-करोड़ सनातनी धर्मावलम्बियों को आहत करते हैं। श्रीकृश्ण-जन्मभूमि पर बने अत्यन्त भव्य एवं कलात्मक मंदिर को तोड़कर न सिर्फ मंदिरों की संपत्तियों को लूटा अपितु सनातन के इस अति पवित्र स्थान पर विधर्मी आताताइयों द्वारा मस्जिद का निर्माण कर सनातनियों को अपमानित करने का कार्य किया है। इतिहास साक्षी है कि सनातन पर निरन्तर आघात हुए हैं, किन्तु सनातनियों के धैर्य एवं पराक्रम से आतातायी अन्तोगत्वा पराजित ही हुये हैं। भारतवर्ष में यह काल सनातन के गौरवमय स्वरूप एवं सांस्कृतिक पुनरोत्थान का विशिष्ट काल है। श्री अयोध्या जी में रामलला दिव्य एवं अलौकिक मंदिर में विराजमान हो गये हैं, श्रीकाशी धाम में बाबा विश्वनाथ मंदिर अपने अलौकिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप को प्राप्त कर रहा है। अब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण अपनी लीला निश्चित करेंगे। सांस्कृतिक-आध्यात्मिक संस्कृति के पुनरुद्धार का शंखनाद हो चुका है, अन्याय एवं अत्याचार के प्रतीक हटेंगे, न्याय की बांसुरी बजेगी। कपट का अंत और सत्य की विजय दोनों ही शास्वत हैं और कृष्ण के संदेश भी।
सभी सनातनियों को सनातन के इस विशेष काल में एकजुट होकर औरंगजेबी मानसिकता पर चोट करनी होगी, तभी श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के 13.37 एकड़ भूमि पर शोभायमान होंगे सनातनी गौरव और कृष्ण लीला के चिन्ह।
पूज्य स्वामी श्री 1008 विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज ने श्रीकृष्ण-जन्मभूमि की व्यवस्थाओं एवं सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्यो की सराहना की एवं कृपापूर्ण मार्गदर्शन भी किया।
श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने पूज्य स्वामी श्री 1008 विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज जी का स्वागत श्री तुलसी-माला, पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र के साथ किया। पूज्य महाराजश्री ने श्रीकृष्ण-जन्मभूमि परिसर का भ्रमण मृदंग, झांझ एवं मजीरों की मंगल ध्वनि एवं हरिनाम संकीर्तन के मध्य किया।
- Legend News

Recent Comments