रिपोर्ट : LegendNews
रायबरेली में ओवरलोड ट्रैकों से अवैध वसूली, अधिकारी रेहाना बानो व चालक नौशाद सस्पेंड
रायबरेली। जिले में ओवरलोड ट्रैकों से अवैध वसूली के मामले में शासन स्तर से बड़ी कार्रवाई हुई है. जिले के एआरटीओ विभाग में तैनात यात्री कर अधिकारी रेहाना बानो और एआरटीओ के चालक मो. नौशाद को विभाग द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है.
उत्तर प्रदेश परिहवन आयुक्त किंजल सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्तता पाए जाने और एफआईआर दर्ज होने के बाद यात्री कर अधिकारी रेहाना बानो को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. निलंबन के दौरान रिहाना बानो परिवहन आयुक्त मुख्यालय से संबंध रहेंगी. इसके साथ ही मुख्यालय में तैनात उप परिवहन आयुक्त विजय सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो एक महीने में अपनी रिपोर्ट देंगे.
वहीं अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) उत्तर प्रदेश की ओर से आदेश जारी कर एआरटीओ के ड्राइवर मो. नौशाद (प्रवर्तक) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए मुख्यालय से संबंध कर दिया है. इसके साथ ही परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन) वीके सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो एक महीने में रिपोर्ट देंगे.
5 हजार रुपये तक वसूली
दरअसल जिले में ओवरलोड वाहनों को पास करने के नाम पर अवैध वसूली का खेल चल रहा था. इस पर एसटीएफ ने बीते दिनों अचानक छापा मार कर कार्रवाई की थी. इस दौरान लोकेटरों के मोबाइल से 114 वाहनों की सूची मिली थी. जिसमें प्रति वाहन 5000 रुपये तक की अवैध वसूली होती थी. जांच के बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर ने लालगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी.
ARTO सहित 19 लोगों पर केस
पुलिस और एसटीएफ द्वारा अभी तक इस मामले में अभी तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. ARTO कर्मियों समेत 19 पर मुकदमा दर्ज कराया गया है. हाल ही में पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंटू निवासी खान जहांपुर बखरी थाना डीह और जितेंद्र सरोज निवासी उदयपुर थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई.
एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक, 24 नवंबर सोमवार देर रात सई नदी पुल के पास परशदेपुर में छापा मारकर अवैध वसूली गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था. बालू, गिट्टी और मोरंग से भरे ओवरलोड डंपर व ट्रकों को दूसरे जिलों में पास कराने के लिए आरटीओकर्मियों द्वारा अवैध वसूली कराई जा रही थी. हर गाड़ी से 5000 रुपये वसूले जा रहे थे.
दलालों ने नेटवर्क का किया खुलासा
ओवरलोड ट्रकों को जनपद में इंट्री के नाम पर दलाल एआरटीओ अधिकारियों के साथ सेटिंग करके ट्रक मालिकों से एक रकम लेते थे. जिससे वे बेधड़क रूप से रायबरेली में आते थे और उनके ऊपर कोई चालान नहीं होता था. खूफिया जानकारी जब एसटीएफ को लगी तो रंगे हाथ दो दलालों को पकड़ा था. जिन्होंने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा पूछताछ में किया.
- Legend News

Recent Comments