रिपोर्ट : LegendNews
ICICI बैंक ने मिनिमम एवरेज बैलेंस से जुड़े नियम पर फैसला बदला, किया संशोधन
निजी क्षेत्र के बैंक ICICI बैंक ने मिनिमम एवरेज बैलेंस (MAB) से जुड़े अपने फैसले में संशोधन किया है. अब शहरी क्षेत्रों में मिनिमम एवरेज बैलेंस की सीमा को 50 हज़ार रुपये से घटाकर 15 हजार रुपये कर दिया गया है.
इससे पहले बैंक ने एक अगस्त से महानगरों में खुलने वाले नए सेविंग्स अकाउंट्स के लिए यह सीमा 10,000 रुपये से पांच गुना बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दी थी.
नए फ़ैसले के तहत कस्बों के लिए मिनिमम एवरेज बैलेंस 7500 रुपये और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 2500 रुपये कर दिया गया है.
बैंक ने कहा है कि मिनिमन एवरेज बैलेंस पर ग्राहकों से मिली प्रतिक्रिया के बाद उसने ये संशोधन किए हैं.
यह नई शर्तें सैलरी अकाउंट्स, सीनियर सिटीजन, पेंशनर्स, बेसिक सेविंग्स डिपॉजिट अकाउंट, प्रधानमंत्री जनधन योजना और विशेष ज़रूरत वाले लोगों के खातों पर लागू नहीं होंगी. इसके साथ ही 31 जुलाई, 2025 से पहले बैंक में खोले गए बचत खातों पर भी इन बदलावों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. संशोधित नियम एक अगस्त 2025 से प्रभावी माने जाएंगे.
ट्रांजैक्शन को लेकर क्या बदला?
कैश ट्रांजैक्शन के नए चार्ज के तहत बैंक ने नियम कड़े कर दिए हैं.
अब ग्राहक हर महीने केवल तीन बार ही मुफ़्त में कैश डिपॉजिट कर सकते हैं इसके बाद के हर डिपॉजिट ट्रांजैक्शन पर 150 रुपये का चार्ज लगेगा.
अगर एक महीने में कुल डिपॉजिट एक लाख रुपये से ज्यादा हो जाता है, तो प्रति एक हज़ार रुपये पर साढ़े तीन रुपये या 150 रुपये (जो भी ज्यादा हो) का शुल्क देना होगा.
वहीं, थर्ड-पार्टी के जरिए कैश डिपॉजिट की लिमिट 25,000 रुपये तय की गई है.
-Legend News

Recent Comments