रिपोर्ट : LegendNews
ICC ने जारी की पुरुष टी20 खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग, अभिषेक की बादशाहत खतरे में
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष टी20 खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें तगड़ी हलचल देखने को मिली। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अभिषेक शर्मा की बादशाहत खतरे में डाल दी है। वह बल्लेबाजों की लिस्ट में एक पायदान चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 848 रेटिंग अंक हो गए हैं। भारत के युवा ओपनर अभिषेक 874 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। हालांकि, अभिषेक और फरहान के बीच सिर्फ 26 अंकों का अंतर रह गया है। पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बावजूद फरहान टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा (7 मैचों में 383) रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने दो शतक जमाए। अभिषेक ने छह मैचों में सिर्फ 80 रन बनाए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ फिफ्टी जड़कर फॉर्म में वापसी की लेकिन वेस्टइंडीज के सामने फ्लॉप रहे।
ईशान का फायदा, सूर्या का हुआ नुकसान
इंग्लैंड के फिल सॉल्ट (803) तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। भारत के ईशान किशन (783) और तिलक वर्मा (749) को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। ईशान चौथे और तिलक छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (739) सातवें पर हैं। उन्हें एक पायदान का नुकसान उठाना पड़ा। साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस (737) एक स्थान ऊपर आठवें स्थान पर आ गए हैं। जिम्बाब्वे के रन मशीन ब्रायन बेनेट भी ध्यान खींचने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में छह मैचों में 292 रन जुटाए और रैंकिंग में छह स्थान चढ़कर 11वें स्थान पर चले गए। साउथ अफ्रीका के रयान रिकेल्टन (दो स्थान ऊपर 13वें पर) और कप्तान एडन मार्करम (चार स्थान ऊपर 16वें पर) भी आगे बढ़े हैं।
सिर्फ इतने अंकों की वरुण चक्रवर्ती की बढ़त
टी20 गेंदबाजों की सूची में भी टॉप पर सेम कहानी है। भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की लीड महज 18 रेटिंग अंकों की रह गई है। वह 771 अंकों के साथ नंबर-1 गेंदबाज हैं। चक्रवर्ती ने अब तक टूर्नामेंट में 12 विकेट लिए हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान (753) दूसरे नंबर पर हैं।पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद दो स्थान चढ़कर तीसरे पर आ गए हैं। भारत के पेसर जसप्रीत बुमराह (एक स्थान ऊपर सातवें पर) और अर्शदीप सिंह (छह स्थान ऊपर 13वें पर) को लाभ हुआ है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज लियाम डॉसन के नौ स्थान चढ़कर 14वें और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी छह स्थान ऊपर 20वें पर चले गए हैं।
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक स्थान ऊपर
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा टी20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में टॉप पर बरकरार हैं। उनके 328 अंक हैं। भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अब उनके सबसे करीबी चैलेंजर हैं। हार्दिक एक स्थान के फायदे के साथ पाकिस्तान के सईम अयूब को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है। हार्दिक के 284 और अयूब के 275 अंक हैं। ऑलराउंडर्स की लिस्ट में वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर ने अच्छी छलांग लगाई है। अनुभवी खिलाड़ी होल्डर आठ स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर आ गए हैं। वेस्टइंडीज टीम आखिरी सुपर-8 मैच में भारत के हाथों हारने के बाद बाहर हुई।
-Legend News

Recent Comments