रिपोर्ट : LegendNews
मैं अपना बच्चा पैदा करके दुनिया पर और बोझ नहीं बढ़ाना चाहता: अभय देओल
बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर अभय देओल हमेशा अपनी लीक से हटकर फिल्मों और बेबाक सोच के लिए जाने जाते हैं। चाहे ऑन-स्क्रीन कोई किरदार निभाना हो या पर्सनल लाइफ से जुड़ा कोई फैसला, अभय कभी भी समाज की बंधी-बंधाई सोच पर नहीं चलते हैं। एक इंटरव्यू में एक्टर ने शादी और परिवार को लेकर अपनी सोच साझा की। बच्चों को लेकर उनका नजरिया ऐसा है, जिसने लोगों को इस बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया।
खुद का बच्चा नहीं चाहते एक्टर अभय देओल
मशहूर स्पिरिचुअल मेंटर डॉ. जय मदान ने अपने शो 'गॉडकास्ट' (godcast.show) में जब अभय देओल से शादी और बच्चों के फ्यूचर को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने बिना झिझक अपनी राय रखी। अभय ने साफ कहा कि वे अपनी जिंदगी में बच्चे पैदा नहीं करना चाहते हैं। उनका मानना है कि इस धरती पर पहले से ही बहुत ज्यादा आबादी और परेशानियां हैं, ऐसे में वे एक नई मासूम जान को इस कठिन दुनिया में लाकर उस बोझ को और बढ़ाना नहीं चाहते हैं।
अगर कभी पैरेंट बने तो गोद लेंगे बच्चा
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अभय ने एक बेहद खूबसूरत और जिम्मेदार सोच सामने रखी। उन्होंने कहा कि अगर जिंदगी के किसी मोड़ पर उन्हें सेटल होना भी पड़ा, तो वे किसी बच्चे को गोद लेना ज्यादा पसंद करेंगे। इसके पीछे उनकी अपनी निजी फितरत भी है। अभय का कहना है कि अगर उनका अपना बायोलॉजिकल बच्चा हुआ, तो वे हद से ज्यादा पजेसिव और प्रोटेक्टिव हो जाएंगे। वे किसी भी कीमत पर अपना रिलैक्स्ड और फ्री-गोइंग नेचर बिल्कुल भी नहीं खोना चाहते।
बच्चों पर अभय देओल की सोच
अभय देओल की ये बात सिर्फ किसी एक सेलिब्रिटी का विचार नहीं है, बल्कि आज के दौर की जमीनी हकीकत को बयां करती है। दुनियाभर में आज युवा पीढ़ी 'चाइल्ड-फ्री' लाइफस्टाइल की तरफ बढ़ रही है। तेजी से बदलता मौसम, बढ़ता प्रदूषण, ग्लोबल वॉर्मिंग और आर्थिक दबाव ऐसे बड़े कारण हैं, जिनकी वजह से लोग अब पैरेंटहुड को लेकर दोबारा सोचने लगे हैं। लोग अब किसी नए बच्चे को लाने के बजाय पहले से मौजूद बेसहारा बच्चों को एक बेहतर जिंदगी देने के विचार को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं।
समाज का दबाव बनाम पर्सनल फ्रीडम
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार हमारे समाज में उम्र के एक पड़ाव पर पहुंचते ही शादी करने और फिर फैमिली प्लानिंग का भारी दबाव बनना आम बात है। अक्सर लोग बिना सोचे-समझे सिर्फ रिवाजों को पूरा करने के लिए पैरेंट बन जाते हैं। लेकिन अभय का यह बेबाक नजरिया सिखाता है कि पैरेंट बनना कोई सामाजिक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। अगर कोई मेंटली या इमोशनली इसके लिए तैयार नहीं है, तो खुलकर 'ना' कहना ही सबसे बड़ा समझदारी भरा कदम है।
आखिर में फैसला किसका होना चाहिए?
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के मुताबिक शादी और बच्चे दोनों जिंदगी के बड़े फैसले हैं। इन पर कोई एक फॉर्मूला हर किसी पर लागू नहीं हो सकता है। किसी के लिए फैमिली बढ़ाना खुशी का हिस्सा है तो किसी के लिए बिना बच्चों के जिंदगी जीना सही सेलेक्शन हो सकता है। अभय देयोल ने भी अपनी पर्सनल सोच शेयर की है। उनका बयान इस बात पर चर्चा जरूर शुरू करता है कि आज के समय में शादी, बच्चे और परिवार को लेकर लोगों की पसंद कितनी बदल रही है।
-Legend News

Recent Comments