रिपोर्ट : LegendNews
सऊदी अरब में तेल ठिकानों पर हूती विद्रोहियों ने किए नए हमले
ईरानी समाचार एजेंसियों और मीडिया संस्थानों ने सोमवार सुबह सऊदी अरब में तेल ठिकानों पर नए हमलों की ख़बर दी.
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इन हमलों की ज़िम्मेदारी यमन के हूती विद्रोहियों ने ली है. बताया गया है कि सऊदी अरब के कुछ इलाक़ों को निशाना बनाया गया. इन हमलों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक अन्य स्रोतों से नहीं हुई है.
आईआरजीसी के क़रीबी तस्नीम समाचार एजेंसी ने दावा किया, "हमलों में अबहा और ख़मिस मुशैत के इलाक़ों को निशाना बनाया गया. क्षेत्र के चार शहरों में हवाई हमले के सायरन भी बजाए गए."
इससे पहले रविवार रात सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा संगठन ने देश के चार शहरों के लिए हवाई हमले की चेतावनी जारी की थी.
संगठन ने जाज़ान और नजऱान प्रांतों के साथ-साथ अबहा और ख़मिस मुशैत शहरों में रह रहे लोगों से सुरक्षा संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की थी. फ़िलहाल हमलों में हुए संभावित नुक़सान या किसी के हताहत होने की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
हूतियों का दावा, सऊदी अरब ने यमन में एयर स्ट्राइक की
उधर, हूतियों के टेलीविज़न न्यूज़ चैनल अल-मसीरा ने दावा किया कि सऊदी के सैन्य विमानों ने यमन के ताइज़ इलाक़े में हवाई हमले किए हैं.
यह वह क्षेत्र है जहां ईरान समर्थित हूती समूह ने हाल के दिनों में सरकारी बलों के ख़िलाफ़ सैन्य बढ़त हासिल की है.
अल-मसीरा के मुताबिक़ सऊदी विमानों ने उत्तरी यमन में हूतियों के प्रमुख गढ़ सादा में भी कई ठिकानों को निशाना बनाया.
इससे पहले हूती सैन्य प्रवक्ता ने दावा किया था कि संगठन ने दक्षिणी सऊदी अरब में एक सैन्य अड्डे को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया. हालाँकि, इस दावे की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
इस बीच सऊदी अरब के तेल कारोबारियों और शेयरधारकों ने चेतावनी दी है कि अगर देश की प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को जल्द दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो वैश्विक तेल आपूर्ति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.
उनके मुताबिक़ सऊदी अरब की ओर से पाइपलाइन को कुछ दिनों के भीतर बहाल नहीं किए जाने पर दुनिया की कुल तेल आपूर्ति में क़रीब चार फ़ीसदी तक की कमी आ सकती है.
दरअसल, सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर हाल ही में ड्रोन हमले हुए थे, ये ड्रोन इराक़ी क्षेत्र की ओर से आए थे.
इराक़ ने कहा था कि वह इस हमले की जांच कर रहा है, जिसके बाद सऊदी ने भी उसका समर्थन करते हुए कहा कि जवाबी कार्रवाई नहीं की जाएगी.
-Legend News

Recent Comments