रिपोर्ट : LegendNews
9 अप्रैल से शुरू होगा हिंदू नव वर्ष, जानिए हिंदी में 12 महीनों के नाम...
हिंदू नव वर्ष 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है लेकिन नई पीढ़ी के बच्चे अंग्रेजी कैलेंडर के जनवरी-फरवरी तो जानते हैं परन्तु हिंदी के 12 महीनों का नाम बड़े भी बहुत कम जानते हैं. ऐसे लोग भी हैं जो अंग्रेजी भाषा नहीं जानते पर अंग्रेजी कैलेंडर के 12 महीनों के नाम जरूर जानते हैं. कई तो ऐसे हैं, जिन्हें हिंदी के महीनों के नाम तो याद होते हैं पर ये पता नहीं होता कि कौन सा महीना कब होता है. अगर आपको भी नहीं पता तो यहां पूरी जानकारी कर लीजिए…
कब शुरू होता है हिंदू नववर्ष
हिन्दू नववर्ष की शुरुआत चैत्र माह से होती है. चैत्र माह की प्रतिपदा से हिंदू नववर्ष की शुरुआत हो जाती है. हिंदी कैलेंडर में चैत्र महीना साल का पहला महीना होता है और फाल्गुन साल का आखिरी महीना होता है. हिंदी धर्म में आने वाले सभी महीनों के नाम इस प्रकार हैं-
चैत्र: इस माह से हिंदू नव वर्ष की शुरुआत होती है. अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार चैत्र माह मार्च के मध्य में शुरू होता है और अप्रैल के मध्य में खत्म हो जाता है. इस महीने की शुरुआत में ही चैत्र नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है.
वैशाख: यह हिंदू वर्ष का दूसरा महीना होता है. ये माह करीब अप्रैल के मध्य में शुरू होता है और मई के मध्य में समाप्त हो जाता है.
ज्येष्ठ: यह हिंदी कैलेंडर का तीसरा महीना होता है. इस माह की शुरुआत मई के मध्य में होती है और जून के मध्य में समापन हो जाता है. इस समय गर्मी बहुत तेज होती है.
आषाढ़: यह हिंदी कैलेंडर का चौथा महीना होता है. अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह माह मध्य जून से मध्य जुलाई तक रहता है. आषाढ़ से ही मानसून की शुरुआत होती है.
श्रावण या सावन: श्रावण हिंदी कैलेंडर का 5वां महीना है. हिंदू धर्म में इस महीने को बहुत पवित्र माना जाता है, क्योंकि यह माह भगवान शिव को प्रिय है. ये मध्य जुलाई में शुरू होता है और मध्य अगस्त तक चलता है.
भाद्रपद: इसे भादो के नाम से भी जाना जाता है. यह छठा महीना है. इस माह में तीज, गणेश चतुर्थी जैसे प्रमुख त्योहार आते हैं. यह महीना मध्य अगस्त में शुरू होता है और मध्य सितंबर तक खत्म हो जाता है.
अश्विन: यह हिंदू धर्म का 7वां महीना है. अश्विन का महीना मध्य सितंबर में शुरू होता है और मध्य अक्टूबर तक चलता है. हल्की ठंड की शुरुआत हो जाती है. इस महीने में नवरात्रि और दशहरा होता है.
कार्तिक: यह माह हिंदू धर्म का 8वां महीना होता है. ये माह मध्य अक्टूबर में प्रारंभ होता है और मध्य नवंबर तक चलता है. यह महीना भी बहुत पवित्र माना गया है. क्योंकि इसी महीने में भगवान विष्णु जागते हैं. इसी महीने में दिवाली होती है.
मार्गशीर्ष: यह माह हिंदी कैलेंडर का 9वां महीना है. इस माह को अगहन के नाम से भी जाना जाता है. इसकी शुरुआत मध्य नवंबर में होती है और ये मध्य दिसंबर तक चलता है.
पौष: पौष हिंदू धर्म का 10वां महीना है. इसे पूस भी कहा जाता है. इसकी शुरुआत मध्य दिसंबर में होती है और ये मध्य जनवरी तक चलता है. इस महीने में ठंड चरम पर होती है.
माघ: यह हिंदी कैलेंडर का 11वां महीना है. इसकी शुरुआत मध्य जनवरी में होती है और यह मध्य फरवरी तक चलता है.
फाल्गुन: यह हिंदू वर्ष का आखिरी और 12वां महीना है. ये मध्य फरवरी में शुरू होता है और मध्य मार्च तक चलता है. इसमें होली का त्योहार आता है.
Compiled: Legend News

Recent Comments