रिपोर्ट : LegendNews
ट्रंप के एलान के बावजूद इसराइल और हिज़्बुल्लाह में झड़पें जारी
अमेरिका की मध्यस्थता के बाद इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच युद्धविराम हुआ था, लेकिन इसके बावजूद दक्षिणी लेबनान में झड़पें जारी हैं.
हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने उत्तरी इसराइल के दो गांवों के पास इसराइली टैंकों और सैनिकों पर हमले किए.
दूसरी ओर इसराइली सेना ने कहा कि उसने लेबनान से दागे गए दो प्रोजेक्टाइल को रोक लिया. किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.
लेबनान की सरकारी नेशनल न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि इसराइल ने दक्षिणी इलाक़ों में कई जगह हमले किए और देब्बीन कस्बे में ज़ोरदार धमाका हुआ है.
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उनकी दोनों पक्षों से बात हुई है और दोनों ने युद्धविराम पर सहमति जताई है. इससे पहले कहा गया था कि हिज़्बुल्लाह ने अमेरिका के उस प्रस्ताव को मान लिया है जिसमें तय हुआ है कि वह इसराइल पर हमला नहीं करेगा और इसराइल भी बेरूत पर हमला नहीं करेगा. यह जानकारी लेबनान की ओर से दी गई है.
अमेरिका में लेबनान के दूतावास ने बताया कि हिज़्बुल्लाह की ओर से अमेरिकी प्रस्ताव को मानने की पुष्टि हुई है, जिसमें दोनों तरफ से हमले रोकने की बात है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी इस समझौते की पुष्टि की. लेकिन साथ ही चेतावनी देते हुए कहा, अगर हिज़्बुल्लाह हमारे शहरों और आम लोगों पर हमला नहीं रोकता तो बेरूत पर हमले जारी रहेंगे.
सोमवार देर रात लेबनान के दूतावास ने बताया, इस प्रस्ताव के तहत इसराइल बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हमले बंद करेगा और बदले में हिज़्बुल्लाह इसराइल पर हमले नहीं करेगा. युद्धविराम पूरे लेबनान में लागू होगा.
ये बयान तब आए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने नेतन्याहू और हिज़्बुल्लाह के प्रतिनिधियों से बात की है. ट्रंप ने कहा कि दोनों ने मान लिया है कि गोलीबारी बंद होगी.
-Legend News

Recent Comments