रिपोर्ट : LegendNews
10 जून को यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
देश में मौसम एक बार फिर से अपना रौद्र रूप दिखाने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 10 जून को यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। किसानों को बहुत ही अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। सबसे बड़ी मुसीबत पूर्वी भारत के राज्यों के लिए खड़ी होने वाली है। जहां आकाशीय बिजली और वज्रपात आफत मचा सकती है। इतना ही नहीं, उत्तरी राज्यों में आंधी से कई जगहों पर बड़े-बड़े वृक्ष जड़ से उखड़ सकते हैं।
इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में जाने से पहले सावधान रहें क्योंकि वहां मौसम बिगड़ने की चेतावनी है। इसलिए यात्रा से पहले मौसम का अपडेट जरूर पढ़ लीजिए। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी बिहार से लेकर गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्सों तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। तो चलिए हम बताते हैं कल यानी 10 जून को देश के बाकी राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहेगा।
देश के 17 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 10 जून को देश के 17 राज्यों यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। तेज आंधी के चलते किसानों के फसल को नुकसान होने की संभावना है।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली (10-11 जून-तेज बारिश-आंधी की चेतावनी): मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में 10 जून से लेकर 11 जून के बीच भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में कल यानी 10 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इस बारिश के चलते गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
यूपी (10-12 जून-भारी बारिश-तूफान का अलर्ट): मुजफ्फर नगर, मेरठ, गाजियाबाद, फिरोजाबाद, औरैया, मैनपुरी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, आजमगढ़, मैनपुरी, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, पीलीभीत और वाराणसी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की संभावना है। वहीं, कल यानी 10 जून को लखनऊ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
-Legend News

Recent Comments