भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट्स से कप्तानी छोड़ दी है.
उन्होंने 6 अक्तूबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस फ़ैसले की आधिकारिक घोषणा की.
हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा, आज, मैं सभी फ़ॉर्मेट्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं. यह फ़ैसला आसान नहीं है. इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो ज़िन्दगी भर मेरे साथ रहेंगे.
उन्होंने लिखा, मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है- अपना ख़ून, पसीना, समय और कई बार अपने खेल और निजी सपनों का एक हिस्सा भी. ऐसे भी मौक़े आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक़्क़ी और अपनी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले होनी चाहिए.
कप्तान के तौर पर मुझे कई मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े. ऐसे फ़ैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार जिनकी क़ीमत मुझे खुद चुकानी पड़ी. लेकिन मैंने हर फ़ैसला सिर्फ़ एक मक़सद से लिया- इस टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करने का मौक़ा देने के लिए.
हरमनप्रीत ने लिखा, मैंने सब कुछ देखा है. मैंने सबसे बुरे दौर, हार्टब्रेक, आलोचना, सवालों और उन दिनों को देखा है जब ऐसा लगता था कि कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं जा रहा. मैंने सबसे शानदार पल भी देखे हैं- जीत, जश्न, अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और ऐसे पल जिन्होंने हर त्याग को सही साबित किया.
हरमनप्रीत ने कहा कि भले वो कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन उन्हें इस बात का सुकून है कि टीम अच्छी स्थिति में है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).