रिपोर्ट : LegendNews
इंडी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी बोले, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही हमारा लक्ष्य
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी के आवास पर इंडिया ब्लॉक की बैठक के बाद कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन सफल रहा है और दिल्ली में पहली बार बड़ी संख्या में लोग जुटे। इसके बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा।
वहीं, राहुल गांधी ने कहा, ''हम यहां एकजुट होकर खड़े हैं। यह अलग-अलग नहीं, एक ही आंदोलन है। यह लोकतंत्र को फिर से बहाल करने वाला आंदोलन है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही हमारा लक्ष्य है। इस देश में लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को बर्बाद कर दिया गया है।''
राहुल गांधी ने साधा मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''जिन लोगों ने ऐसा किया है, जिनमें इसके मुख्य सूत्रधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इसे लागू करने वाले अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और अन्य लोग शामिल हैं, उन्हें समझना चाहिए कि अब उनके चारों ओर घेरा कसता जा रहा है। ऐसा नहीं हो सकता कि आप भारतीय संविधान को नष्ट कर दें और बचकर निकल जाएं''
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, ''लोकतंत्र में अपनी बात रखने का एकमात्र माध्यम जंतर-मंतर था और अब सरकार ने फैसला किया है कि लोकतांत्रिक भावनाओं को व्यक्त करने के लिए जंतर-मंतर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। हम इस सोच को चुनौती देने जा रहे हैं। सरकार के लिए यह तय करना इतना आसान नहीं होगा कि भारतीय लोग अपनी आवाज के लिए संघर्ष नहीं करेंगे।''
खरगे बोले, पीएम मोदी की वोट चोरी की योजना को उजागर करने के लिए तैयार
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने जनता के मुद्दों को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ उठाया। इतनी बड़ी संख्या में लोग बहुत कम ही जुटते हैं। दिल्ली में यह पहली बार है, जब युवा और आम नागरिक पूरी तरह अपनी पहल पर एकजुट होकर सामने आए हैं। आपने यह सब देखा है, इसलिए मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। अब हर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वोट चोरी की योजना को पूरी तरह उजागर करने के लिए तैयार है।"
तेजस्वी यादव बोले, मोदी-शाह के इशारे पर सीईसी ने लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया है। हम सभी लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हैं। इसके लिए जो कुर्बानी देनी होगी हम सभी देंगे। यह गांधी जी, लोहिया जी, भगत सिंह का देश है। ये लोग इस देश की संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक करने का प्रयास कर रहे हैं... ये डरे हुए लोग हैं... हम सभी लोग आगे इस लड़ाई को जारी रखेंगे।''
-Legend News

Recent Comments