रिपोर्ट : LegendNews
गुजरात: अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता, 61 अवैध बांग्लादेशी पकड़े
केंद्रीय गृह मंत्रालय के देश को घुसपैठिया मुक्त बनाने की कड़ी मुहिम के बीच गुजरात में अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने 61 अवैध बांग्लादेशी प्रवासी को पकड़ा है। क्राइम ब्रांच ने अरेस्ट करने के साथ इन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इससे पहले जून महीने में 'ऑपरेशन डेल्टा हंट' पुलिस ने अहमदाबाद के चंडोला, गुलाबनगर और खोखरानगर से 166 बांग्लादेशियों को पकड़ा था।
छापेमारी करके पुलिस ने दबोचा
अहमदाबाद पुलिस के अनुसार दिवाली से पहले सुरक्षा मजबूत करने और त्योहारों के दौरान संभावित खतरों को रोकने के लिए अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने शहर भर में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत बांग्लादेश के 61 अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस नोट में बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद, शहर के कई इलाकों में रेड करके इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस अभियान का मकसद उन विदेशी नागरिकों की पहचान करना और उन्हें पकड़ना था, जो बिना वैध कानूनी दस्तावेजों के शहर में रह रहे थे।
जल्द बांग्लादेश भेजा जाएगा
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा इंतजामों को कड़ा किया गया है। यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है। क्राइम ब्रांच ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें उन्हें वापस उनके देश भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया भी शामिल है। यह भी कहा गया कि अवैध प्रवासियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। गौरतलब हो कि 2025 के अप्रैल-मई में अहमदाबाद सिटी पुलिस ने बड़े ऑपरेशन में चंडोला झील के पास अवैध ढंग बनाए गए 4000 मकानों को तोड़ा था। यहां बड़ी संख्या में बांग्लादेशी रहते थे। इस मिनी बांग्लादेश के तौर पर जाना जाता था। यह कार्रवाई तत्कालीन सीपी और मौजूदा डीजीपी जी एस मलिक की अगुवाई में हुई थी।
-Legend News

Recent Comments