पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच शांति समझौते की उम्मीदों ने शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी ला दी। वैश्विक संकेतों के बीच दोनों कीमती धातुओं में कारोबार के दौरान करीब 2 फीसदी तक उछाल दर्ज किया गया।
MCX पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 1.11 फीसदी यानी 1,668 रुपये की बढ़त के साथ इंट्राडे में 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोना 1,49,916 रुपये पर ट्रेड करता दिखा, जो पिछले बंद स्तर से 948 रुपये या 0.66 फीसदी ऊपर था।
वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 2,42,143 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जिसमें 2,490 रुपये या 1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,44,817 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ, जो करीब 2.15 फीसदी की बढ़त है।
विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले कुछ समय से महंगाई को लेकर चिंता और अमेरिकी ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी के कारण सर्राफा बाजार दबाव में था। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यह संकेत दिए जाने के बाद कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द शांति समझौता हो सकता है, सोने और चांदी में मजबूत रिकवरी देखने को मिली।
बाजार में सतर्कता अब भी बनी हुई है, क्योंकि ईरान की ओर से अंतिम समझौते की खबरों से इनकार किया गया है। इस वजह से कीमतों में तेजी सीमित रही।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स गोल्ड 2 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 4,203.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि कॉमेक्स सिल्वर 4 फीसदी से अधिक बढ़कर 66.94 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।
वहीं कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। WTI क्रूड करीब 3 फीसदी गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 1.59 फीसदी टूटकर 88.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बाजार की नजर अब अमेरिका-ईरान वार्ता और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फैडरल रिसर्व की आगामी टिप्पणियों पर बनी हुई है, जो आगे सोने-चांदी की दिशा तय कर सकती हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).