मथुरा। जी.एल. बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा के बीटेक के छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता का नायाब उदाहरण पेश करते हुए राष्ट्रीय कोडिंग प्रतियोगिता जीत ली। तमिलनाडु के एरोड स्थित एक्सेल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय कोडिंग प्रतियोगिता में जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राओं ने देश में यात्रा और पर्यटन को बढ़ावा देने से सम्बिन्धित मॉडल पेश किया जिसे निर्णायकों ने प्रथम स्थान प्रदान किया। आयोजकों ने जी.एल. बजाज की विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र के साथ ही 50 हजार रुपये का नगद पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया।

जीएल बजाज के कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रो. इंजीनियर संतोष कुमार चौहान ने बताया कि तमिलनाडु के एरोड स्थित एक्सेल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय कोडिंग प्रतियोगिता में जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राओं ने देश में यात्रा और पर्यटन को बढ़ावा देने से सम्बिन्धित मॉडल प्रस्तुत किया। यह मॉडल हर भारतीय और विदेशी पर्यटक की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया। इसमें भीड़ का पता लगाने, भुगतान विकल्प और पर्यटक की पसंद के अनुसार सर्वोत्तम स्थान चुनने जैसी सुविधाएं शामिल थीं।

प्रो. चौहान का कहना है कि यह प्रतियोगिता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल तथा एआईसीटीई और शिक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली के संयुक्त प्रयासों से आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 13 सौ छात्र-छात्राओं को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया, जो देशभर के 15 नोडल केंद्रों पर आयोजित हुआ। जी.एल. बजाज टीम का मार्गदर्शन करने वाले सहायक प्रो. चौहान ने बताया कि टीम का नेतृत्व बी.टेक. तृतीय वर्ष के छात्र शिवम सोनी ने किया। टीम के अन्य सदस्यों में दक्ष धनगर, अजय कुमार, आकांक्षा मिश्रा, डिम्पल उपाध्याय (सभी तृतीय वर्ष) तथा याज्ञनिक शर्मा (बी.टेक. द्वितीय वर्ष) शामिल थे।

तमिलनाडु से लौटे जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्रतियोगिता में शिरकत करना रोमांचक अनुभव है। इस प्रतियोगिता ने हमारी कोडिंग क्षमताओं को नए स्तर तक पहुंचा दिया है। प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों कॉलेजों के हजारों प्रतिभागियों ने उत्साह और उमंग से अपनी बौद्धिक क्षमता दिखाई। विशाल भागीदारी ने इस आयोजन में प्रतिस्पर्धात्मकता को और बढ़ा दिया। प्रतियोगिता में तीन राउंड शामिल थे, जिनमें से प्रत्येक में कोडिंग कौशल के विभिन्न स्तरों का परीक्षण किया गया। छात्र-छात्राओं का कहना है कि इस प्रतियोगिता ने सीमित समय में गंभीरता से, तेजी से सोचने और कुशलता से काम करने की चुनौती दी। इस प्रतियोगिता में भाग लेना और प्रथम पुरस्कार प्राप्त करना हम लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल तथा संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों तथा प्राध्यापकों को बधाई दी। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय कोडिंग प्रतियोगिता में शिरकत करना ही बड़ी बात है, जी.एल. बजाज के मेधावी छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता जीतकर समूचे ब्रज को गौरवान्वित किया है।
- Legend News 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).