इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में चौथा टी20 मैच हारकर सीरीज गंवाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बवाल मच गया है। बीसीसीआई (BCCI) के एक सूत्र के मुताबिक बोर्ड अब खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के खराब प्रदर्शन की समीक्षा (रिव्यू) करने की तैयारी में है। हालांकि हेड कोच गौतम गंभीर का कॉन्ट्रैक्ट साल 2027 तक है, लेकिन टीम के लगातार गिरते स्तर को देखते हुए अब उनके पद पर भी सवाल उठने लगे हैं। 
अय्यर की कप्तानी पर भी उठने लगे सवाल 
नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत को चौथे टी20 में 9 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है, क्योंकि पहला मैच बेनतीजा रहा था। भारत को दूसरे मैच में 4 विकेट से और तीसरे मैच में 125 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जहां टीम 202 रनों का पीछा करते हुए सिर्फ 76 रन पर ढेर हो गई थी। 
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की चैंपियन बनने के ठीक बाद भारत की यह लगातार दूसरी टी20 सीरीज हार है। इससे पहले आयरलैंड ने भारत को 2-0 से हराया था, जो इतिहास में आयरलैंड के खिलाफ भारत की पहली सीरीज हार थी। चौंकाने वाली बात यह है कि ये दोनों हार तब आई हैं जब बीसीसीआई ने वर्ल्ड कप जिताने वाले अनुभवी कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया। 
कप्तान की अच्छी पारी, फिर भी टीम हारी
ब्रिस्टल में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 158 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 49 गेंदों पर अकेले लड़ते हुए नाबाद 80 रन बनाए, लेकिन बाकी किसी बल्लेबाज ने उनका साथ नहीं दिया। जवाब में इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक (35 गेंद पर नाबाद 79) और फिल साल्ट (42 गेंद पर नाबाद 59) की पारियों के दम पर सिर्फ 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने 2-2 विकेट लिए। अब भारतीय टीम आखिरी मैच में सिर्फ अपनी इज्जत बचाने के इरादे से उतरेगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).