रिपोर्ट : LegendNews
FSSAI ने दिया Everest के जीरा पाउडर का बैच वापस मंगाने का आदेश
एवरेस्ट का नाम फिर विवादों से जुड़ा है। फूड रेगुलेटर FSSAI ने रविवार को एवरेस्ट के पहले से पैक किए गए जीरा पाउडर के एक बैच को तुरंत वापस मंगाने का आदेश दिया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि एक रेगुलेटरी सैंपल में तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक के अंश पाए गए। उसे 'असुरक्षित' घोषित किया गया। इससे पहले अगस्त 2026 में FSSAI ने हींग और अन्य कुछ मसालों की क्वालिटी में गड़बड़ी पाए जाने पर एवरेस्ट की हींग पर रोक लगाई थी।
एक अलग कार्रवाई में रेगुलेटर ने ' क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड' का लाइसेंस भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। यह कंपनी पूर्वी भारत में कई आउटलेट्स के जरिए 'द शुगर एंड स्पाइस' नाम से रिटेल चेन चलाती है। यह एक्शन साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण की गई।
FSSAI ने एक्शन की बताई यह वजह
रविवार को जारी एक नोटिफिकेशन में FSSAI ने कहा कि गोवा में M/s रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से एवरेस्ट के पहले से पैक किए गए जीरा पाउडर का एक रेगुलेटरी सैंपल लिया गया था। फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट में पाया गया कि इस प्रोडक्ट में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम जैसे कीटनाशकों के अंश तय अधिकतम सीमा से ज्यादा थे।
FSSAI ने कहा, 'फूड एनालिस्ट ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत सैंपल को 'असुरक्षित' घोषित किया।' इसने आगे कहा कि फूड बिजनेस ऑपरेटर (FBO) - इस मामले में एवरेस्ट - को रिपोर्ट के खिलाफ अपील करने का मौका दिया गया था। इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया।
फूड सेफ्टी रेगुलेटर ने बताया, 'रेफरल फूड लेबोरेटरी ने पुष्टि की कि सैंपल 'असुरक्षित' था। इसमें एजोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए थे।'
इसके बाद प्रोडक्ट के पूरे बैच को तुरंत बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया गया। एवरेस्ट को आदेश दिया गया कि वह वापस मंगाए गए प्रोडक्ट का पूरा रिकॉर्ड रखे। तय समय-सीमा के भीतर जरूरी जानकारी और स्टेटस रिपोर्ट जमा करे।
FSSAI ने आगे कहा, 'FBO को यह भी निर्देश दिया गया कि वह ऐसी घटना को दोबारा होने से रोकने के लिए सुधारात्मक उपाय करे और प्रोडक्ट वापस मंगाने की प्रक्रिया पूरी होने पर रिपोर्ट जमा करे।'
क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस इसलिए किया सस्पेंड
क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स का लाइसेंस सस्पेंड करने के अपने नोटिफिकेशन में FSSAI ने साफ-सफाई और हाइजीन में भारी कमियों की ओर इशारा किया। इनमें खाना बनाने और संभालने वाली जगहों पर गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां शामिल थीं।
रेगुलेटर ने कहा कि खराब होने वाले कच्चे माल को खुले में रखा जा रहा था। साथ ही, कच्चे और आधे-अधूरे बने प्रोडक्ट्स के लिए जंग लगे और ठीक से साफ न किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल हो रहा था।
कीड़ों-मकोड़ों का प्रकोप
FSSAI ने आगे कहा, 'कीड़ों-मकोड़ों का काफी ज्यादा प्रकोप और उन्हें रोकने के अपर्याप्त उपाय देखे गए। इनमें मक्खियों को रोकने के बेअसर तरीके, चूहों को रोकने के सही इंतजाम न होना और खिड़कियों/खुली जगहों पर कीड़ों से बचाने वाली जाली का न होना शामिल है।'
-Legend News

Recent Comments