झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ शुक्रवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। इंटेलिजेंस ब्यूरो के सटीक इनपुट के बाद सुरक्षाबलों ने चतरा और हजारीबाग जिले के बॉर्डर पर घेराबंदी की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम ने चार खूंखार नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में एक 15 लाख रुपये का इनामी कमांडर सहदेव महतो भी शामिल है।
झारखंड पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) को चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर नक्सलियों के एक बड़े दस्ते की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबलों ने संयुक्त घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और घंटों चली इस भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सलियों को ढेर कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ अन्य नक्सलियों के घायल होने की भी प्रबल संभावना है। 
AK-47 और आधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में युद्धक सामग्री मिली है। अब तक दो एके-47 राइफल, कई देशी व आधुनिक हथियार, नक्सली साहित्य और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। मारा गया कमांडर सहदेव महतो इलाके में कई जघन्य वारदातों का मास्टरमाइंड था और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। 
चडराडेरा के जंगल में 1 करोड़ के नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते को भी घेरा
इधर, झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा के पास चडराडेरा के जंगल में भी सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक दस्ते को चारों ओर से घेर रखा है और उनके भागने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। निगरानी के लिए आसमान से भी नजर रखी जा रही है। 
बताया जा रहा है कि इस दस्ते में एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा भी शामिल है और नक्सलियों की कुल संख्या सौ से ज्यादा हो सकती है।
चाईबासा के एसपी अमित रेनू ने बताया कि जंगल में सर्च अभियान अभी जारी है और फिलहाल विस्तृत अपडेट की प्रतीक्षा है। पश्चिमी सिंहभूम के इस इलाके में पिछले तीन दिनों के दौरान आईईडी ब्लास्ट और गोलीबारी की घटनाओं में सुरक्षाबलों के 6 जवान घायल हो चुके हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).