पूर्व भारतीय कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया। पश्चिम बंगाल सरकार ने सुरक्षा समीक्षा और खतरे के आकलन के बाद उनकी सुरक्षा को Z से घटाकर Y कैटेगरी कर दिया। राज्य की सुरक्षा शाखा द्वारा किए गए एनालिसिस के बाद यह फैसला लिया गया। इससे पहले साल 2023 में गांगुली की सुरक्षा को Y से बढ़ाकर Z कैटेगरी किया गया था। उस समय प्रशासनिक समीक्षा के आधार पर उनकी सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया था। 
Z कैटेगरी सुरक्षा के तहत सौरव गांगुली को 8 से 10 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा टीम उपलब्ध कराई गई थी। उनके बेहाला स्थित आवास पर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती थी और राज्य के भीतर यात्रा के दौरान सशस्त्र पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में साथ चलते थे। इसके अलावा उन्हें विशेष सुरक्षा अधिकारी और अतिरिक्त सुरक्षा घेरा भी दिया गया था।
गांगुली की सुरक्षा में कटौती
अब नई व्यवस्था के तहत उनकी सुरक्षा को फिर से Y कैटेगरी में लाया गया है। Y कैटेगरी सुरक्षा में गांगुली के साथ स्पेशल ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी रहेंगे। इसके अलावा उनके बेहाला स्थित घर की सुरक्षा के लिए भी तीन पुलिसकर्मियों की तैनाती जारी रहेगी। हालांकि राज्य सरकार ने साफ किया है कि सुरक्षा में यह कटौती किसी विशेष कारण से नहीं की गई है और न ही यह फैसला केवल सौरव गांगुली तक सीमित है। दरअसल, पश्चिम बंगाल में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर पुनर्गठन किया जा रहा है।
अब Z की जगह Y कैटेगरी की सुरक्षा मिलेगी
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक नई सुरक्षा नीति के तहत किसी व्यक्ति को मिलने वाली सुरक्षा उसके मौजूदा संवैधानिक पद, आधिकारिक जिम्मेदारियों और ताजा खतरे के आकलन के आधार पर तय की जाएगी। सुरक्षा बलों की तैनाती भी इन्हीं मानकों के अनुरूप की जा रही।
अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा समय में सौरव गांगुली की सुरक्षा स्थिति ऐसी नहीं है, जिसके लिए Z कैटेगरी सुरक्षा की जरूरत हो। इसलिए उनकी सुरक्षा की दोबारा समीक्षा के बाद Y कैटेगरी में वापस लाया गया है। 
गौरतलब है कि सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकदार चेहरों में से एक रहे हैं। भारतीय टीम के सफल कप्तान के रूप में पहचान बनाने के बाद उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष के तौर पर भी अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि फिलहाल वह किसी संवैधानिक या सरकारी पद पर नहीं हैं, लेकिन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष जरूर हैं।  सुरक्षा में बदलाव के बावजूद गांगुली को पुलिस सुरक्षा मिलती रहेगी, लेकिन Z कैटेगरी के तहत मिलने वाला अतिरिक्त सुरक्षा घेरा, स्थायी तैनाती और विशेष सुरक्षा व्यवस्था अब पहले की तुलना में कम होगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).