रिपोर्ट : LegendNews
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने की विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ
पूर्व क्रिकेटर और जियोस्टार एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा है कि ऐसा लग रहा जैसे दोनों फरारी कार चला रहे हैं। पिछले दो आईपीएल सीजन से इन दोनों दिग्गजों के रुख में आए बदलाव का जिक्र करते हुए चोपड़ा ने कहा कि 2024 से ही दोनों 152 के स्ट्राइक रेट से रन ठोक रहे हैं। वहीं एक अन्य जियोस्टार एक्सपर्ट और महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने कहा है कि आईपीएल में बल्लेबाजों के लिए दिग्वेश राठी की गेंदों को खेलना आसान नहीं रहने वाला।
2024 से रोहित और कोहली ने खुद को बदल दिया है
जियोस्टार की 'चैंपियंस वाली कॉमेंट्री' पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के बदले अंदाज की बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘दोनों ने किस तरह गियर बदला है वो देखिए। 2020 से 2023 तक आईपीएल में कोहली और रोहित के स्ट्राइक रेट (क्रमशः) 126 और 127 थे, थोड़ा धीमा लेकिन 2024 के बाद दोनों ने खुद को बदल लिया है। वे 152 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं। यह तकरीबन ऐसा लगता है कि जैसे अब दोनों फरारी चला रहे हों।’
IPL 2026 में अब तक रोहित, कोहली का प्रदर्शन
आरसीबी के दिग्गज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में अब तक 4 मैचों में 59.67 की औसत से 179 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 162.73 का रहा है। वहीं, मुंबई इंडियंस के दिग्गज रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए अब तक 4 मैचों में 45.67 की औसत से 137 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 165.06 का रहा है।
अनिल कुंबले ने बताया क्यों दिग्वेश राठी की गेंद समझना मुश्किल
'चैंपियंस वाली कॉमेंट्री' पर ही जियोस्टार एक्सपर्ट अनिल कुंबले ने बताया कि क्यों बल्लेबाजों के लिए दिग्वेश राठी को पकड़ पाना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ‘एक लेग-स्पिन डिलिवरी जो बल्लेबाज से दूर जा रही हो और उसी क्रम में एक गुगली गेंद के बीच में ज्यादा अंतर नहीं होता। इसलिए पढ़ पाना आसान नहीं है। उसकी गेंद पर ग्रिप लगभग एक जैसी बनी रहती है। उसका अंगूठा एक किनारे होता है और तर्जनी उंगली सीम के ऊपर होती है और बीच वाली उंगली मुड़ी होती है। वह अपनी अंदर आती गेंदों के लिए अपनी तर्जनी को बस थोड़ा अलग पोजिशन में रखता है, यह गुगली होती है। लेकिन इसे पकड़ना आसान नहीं है। उसकी गति भी बहुत अच्छी है, इसलिए अगर आप उसकी लेंथ को सही-सही पकड़ भी लिए तो भी आउट होने का चांस ज्यादा है।’
अनिल कुंबले ने युवा और उभरते हुए स्पिन गेंदबाजों के लिए सलाह दी कि वे शुरुआत में रबर या टेनिस की गेंद से भी स्पिन की प्रैक्टिस कर सकते हैं।
स्पिनर बनने का सपना देखने वालों को कुंबले ने दी क्या सलाह?
कुबले ने कहा, 'आप निश्चित तौर पर गेंद को स्पिन कराने की प्रैक्टिस रबर या टेनिस बॉल से कर सकते हैं क्योंकि आपको कैरम बॉल फेंकने के लिए गेंद को थोड़ा स्क्वीज करने की जरूरत होगी। इसलिए अगर आप वहां से शुरुआत कर रहे हैं तो सबसे पहले टर्न हासिल करने पर फोकस कीजिए और उसके बाद अधिक से अधिक गेंदबाजी करके कंट्रोल पर काम कीजिए। उसके बाद आप क्रिकेट बॉल पर मूव कर सकते हैं। तब आप अपने कौशल का सही से इस्तेमाल कर पाएंगे क्योंकि गेंद को कैसे टाइट पकड़ना है, ये सीखना और अपनी उंगलियों को स्पिन के लिहाज से पर्याप्त मजबूत बनाना महत्वपूर्ण है। ये सीखने के बाद आप ट्राई कीजिए और उसे परफेक्ट बनाइए।'
-Legend News

Recent Comments