15 साल के वैभव सूर्यवंशी का नाम सभी की जुबां पर है। उन्होंने कम उम्र में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से अपनी अलग धाक जमाई है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के ओपनर ने आईपीएल 2026 में कमाल कर दिया। उन्होंने सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाए, जिसमें 237.30 का स्ट्राइक रेट रहा। उन्होंने सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने का कारनामा अंजाम दिया। उनके बल्ले से 72 छक्के निकले, जो नया रिकॉर्ड है। सूर्यवंशी को भारत की सीनियर टीम में शामिल करने की चर्चा लगातार जोर पकड़ रही है। बीसीसीआई के पूर्व चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने भी सूर्यवंशी को जल्द से जल्द टीम इंडिया में एंट्री देने की मांग की है। उन्होंने आईपीएल का 19वां सीजन खत्म होने के बाद कहा कि युवा ओपनर को आयरलैंड दौरे के लिए चुना जाना चाहिए। भारत को 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। 
जल्द ही भारत के लिए खेलेगा 
प्रसाद ने पीटीआई से कहा, ''वह केवल असाधारण प्रतिभा ही नहीं है। वह टी20 क्रिकेट में वर्ल्ड के बेस्ट खिलाड़ियों में शामिल है। उसे तुरंत ही भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे के बाद उसे आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना जाना चाहिए। मुझे लगता है कि उसे भारत की सीनियर टीम में चुना जा सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह श्रीलंका में भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करेगा। उसे इंतजार करवाने का कोई मतलब नहीं होगा। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेगा और लंबे समय तक खेलता रहेगा।'' उन्होंने कहा, ''इंडिया एक के लिए खेलना और फिर टीम इंडिया के लिए खेलना आम बात है। हालांकि, दुनिया की बेस्ट टीमों के बीच हाई प्रेशर आईपीएल खेलना भारतीय टीम में जगह बनाने का सबसे अच्छा तरीका है। मुझे लगता है कि सिलेक्टर्स भी इसी लाइन पर सोच रहे हैं।'' 
सूर्यवंशी बड़ा सरप्राइज पैकेज है 
पूर्व सिलेक्टर ने सूर्यवंशी को टी20 के अलावा अन्य फॉर्मेट भी ट्राई करने की सलाह दी। प्रसाद ने कहा, ''वह इंडिया ही नहीं बल्कि दुनिया के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक है। वह एक बड़ा सरप्राइज पैकेज है। उसे इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल खेलना चाहिए लेकिन दो साल तक उस पर अच्छी तरह से नजर रखनी चाहिए। उसे धीरे-धीरे T20I से शुरू करके वनडे और दूसरे फॉर्मेट में खेलना चाहिए। उसमें लंबे फॉर्मेट खेलने की काबिलियत है क्योंकि उसने दिखाया कि वह दुनिया के बेस्ट खिलाड़ियों की बखिया उधेड़ सकता है। सबसे अहम बात यह है कि उसे खेल की बहुत समझ है।" प्रसाद ने साथ ही कहा कि सूर्यवंशी को अभी अच्छी तरह से संभालना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि उसे कुछ समय के लिए वीवीएस लक्ष्मण या राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में रहना चाहिए। वे ही ऐसे लोग हैं जो उसे विनम्र बनाए रख सकते हैं। इस स्तर पर उनके करियर को सही दिशा देने के लिए यह जरूरी है।'' 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).