विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की संपत्ति को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने पहली बार मंदिर की चल और अचल संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट के अनुसार मंदिर के पास विभिन्न बैंकों में 472 करोड़ की फिक्स्ड डिपॉजिट जमा है, जबकि सोने-चांदी के आभूषणों का अनुमानित मूल्य 300 करोड़ से अधिक है। 
उज्जैन ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और दान के कारण हर साल मंदिर की आय और संपत्ति में इजाफा हो रहा है। मंदिर समिति के अनुसार, अलग-अलग बैंकों में करोड़ों रुपये की सावधि जमा रखी गई है। इसके अलावा मंदिर के पास करीब 90 एकड़ भूमि भी है। वर्षों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों का संग्रह लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसकी मौजूदा कीमत 300 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। 
पिछले साल मिला 142 करोड़ रुपये का दान 
मंदिर प्रबंधन द्वारा प्रदान की गई जानकारी अनुसार व रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2024-25 के दौरान महाकाल मंदिर को करीब 142 करोड़ का दान प्राप्त हुआ। इसमें नकद राशि के साथ-साथ सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य आभूषण भी शामिल हैं। इसी आय से मंदिर के रखरखाव, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों पर खर्च किया जाता है। 
सोना-चांदी का भंडार भी बढ़ा
मंदिर को हर वर्ष बड़ी मात्रा में सोना-चांदी दान स्वरूप मिलता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बीते वर्ष मंदिर को लगभग 1.48 किलोग्राम सोना और 592 किलोग्राम से अधिक चांदी दान में प्राप्त हुई। इससे मंदिर के खजाने का मूल्य लगातार बढ़ रहा है।
श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी
महाकाल लोक बनने और उज्जैन में धार्मिक पर्यटन बढ़ने के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर मंदिर की आय और दान पर भी देखने को मिला है। मंदिर समिति का कहना है कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महाकाल मंदिर की आय और संपति
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से मंदिर की आय में लगातार वृद्ध
दान में 1.48 किलो सोना और 592 किलो से अधिक चांदी मिली
बैंक एफडी में 472 करोड़ रुपए जमा
सोना-चांदी के आभूषणों की कीमत 300 करोड़ से अधिक
मंदिर के पास करीब 90 एकड़ भूमि
वर्ष 2024-25 में 142 करोड़ का दान प्राप्त 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).