रिपोर्ट : LegendNews
मानसी गंगा फूड्स व विवेक फूड पर खाद्य विभाग का छापा, सैकड़ों किलो टोमेटो सॉस नष्ट कराया
मथुरा। आम जनमानस एवं आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु के० के० त्रिपाठी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व खाद्य सचलदल के सदस्यों द्वारा गोविन्द नगर स्थित मानसी गंगा फूड्स का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर टोमेटो सोस, सोया सोस व मेयोनीज का निर्माण होते हुए पाया गया। मानसी गंगा फूड्स से टोमेटो सोस, सोया सोस, मेयोनीज व कलर का एक-एक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया तथा 200 कि०ग्रा० टोमेटो सोस व 80 कि०ग्रा० सोया सोस जब्त कर अस्वच्छकर व दूषित परिस्थितियों में भंडारित लगभग 400 कि०ग्रा० टोमेटो सोस को नष्ट कराया गया। गौर केन्द्र स्थित विवेक फूड प्रोडक्ट पर निरीक्षण के दौरान भंडारित टोमेटो सोस व सोया सोस का एक-एक नमूना संग्रहित कर 108 कि०ग्रा० टोमेटो कैचअप व 154 लीटर सोया सोस को जब्त कर अस्वच्छकर व दूषित परिस्थितियों में भंडारित लगभग 500 कि०ग्रा० टोमेटो सोस को नष्ट कराया गया।
खाद्य सचलदल में राम नरेश, जितेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सिंह व नेहा मौजूद थे। इसके अतिरिक्त मोहर सिंह कुशवाह द्वारा प्राप्त शिकायत के क्रम में मथुरा-बरेली हाईवे राया पर संचालित शिवाय ढाबा से रिफाइण्ड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित किये गये कुल 07 नमूने जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं। उक्त नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्ति के उपरान्त सम्बन्धित के विरूद्ध अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
- Legend News

Recent Comments