रिपोर्ट : LegendNews
तपिश कम करने को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर लगा फॉग-मिस्ट सिस्टम, व्यवस्था से अभिभूत हुए श्रद्धालु
मथुरा। श्रीकृष्ण-जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रबन्ध न्यासी श्री अनुराग डालमिया के भाव एवं निर्देशों के अनुरूप श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी एवं तपिश से राहत प्रदान करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाला फॉग-मिस्ट सिस्टम लगाया गया है।
इस संबंध में श्रीकृष्ण-जन्मभूमि ट्रस्ट के सचिव कपिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीकृष्ण-जन्मभूमि परिसर में स्थित श्रीगिरिराज जी मंदिर, श्रीगर्भ-गृह चबूतरा, श्रीयोगमायाजी, श्रीगर्भ-गृह प्रवेश द्वार, जहॉं गर्भ-गृह में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को गर्मी और तपिश से कष्ट होता था, श्रद्धालुओं के हित को दृष्टिगत रखते हुऐ संस्थान में अत्याधुनिक फॉग सिस्टम स्थापित किया गया है।
गुरू पूर्णिमा के पर्व पर दर्शनार्थ पधारे श्रद्धालुजन इस नवीन व्यवस्था से अभिभूत होकर राधे-राधे, श्रीगिरिराज महाराज की जय के जयघोष कर उठे।
श्री शर्मा ने बताया कि इस सिस्टम के स्थापित होने से एक निश्चित क्षेत्र में तापमान लगभग 10 डिग्री कम हो जाता है साथ ही पर्यावरण में व्याप्त प्रदूषण के स्तर को भी कम करता है। चूंकि यह सिस्टम शुद्ध आर0ओ0 जल को वाष्प रूप में परिवर्तित कर वातावरण को शीतल करता है, जिससे बिना भीगे हुऐ श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिलती है एवं जमीन की तपिश भी कम हो जाती हे।
श्री शर्मा ने आगे बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से अति व्यस्त गोविन्द द्वार (गेट नं0-3) पर भी यह सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इस सिस्टम के स्थापित होने से जहॉं आम दिनों में आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, वहीं श्रीकृष्ण-जन्माश्टमी के अवसर पर दर्शनार्थ पधारने वाले लाखों श्रद्धालु भी इस सिस्टम के लगने से आनन्द प्राप्त करेंगे।
ज्ञातव्य है कि गोविन्द द्वार (गेट नं.-3) श्रीकृष्ण-जन्माश्टमी के अवसर पर मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में उपयोग होता है।
- Legend News

Recent Comments