रिपोर्ट : LegendNews
सेवार्थ जुटे प्रशासन एवं समाजसेवी संस्थाओं की प्रशंसा तो यूट्यूबर्स पर भड़के बाढ़ पीड़ित
वृन्दावन। वर्षों बाद अपने विहंगम स्वरूप में नजर आ रहीं श्रीयमुनामैया अपना ही रिकार्ड ध्वस्त करने की ओर अग्रसर दिखाई दे रहीं हैं। नगर में बीते कई दिनों से मौजूद बाढ़ के हालात अभी काबू होते नहीं दीख रहे। इसी बीच स्थानीय प्रशासन के साथ ही साथ अक्षय पात्र, एस्कान, श्रीहरिदासबिहारी फाउंडेशन भारत ट्रस्ट सहित विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जारी सेवा व राहत कार्यों की सर्वत्र सराहना हो रही है। सबसे ख़ास बात ये है कि अधिकतर स्वयंसेवी व धर्मार्थ संस्थाएं अपने द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यक्रम की वीडियो, फोटो आदि कहीं भी पोस्ट नहीं कर रहे हैं, इस बात की बेहद प्रशंसा हो रही है।
किन्तु सेवा - सहायता के नाम पर सिर्फ़ प्रचार पाने हेतु कुछ विशिष्टजन, वीडियो मेकर, कथित पत्रकार, यू ट्यूबर व ब्लागर आदि के क्रियाकलापों की चतुर्दिक निंदा ही की जा रही है। ऐसे लोगों के प्रति बहुत से बाढ़ पीड़ितों द्वारा गहरा रोष प्रकट किया जा रहा है। इस संदर्भ में सोसल साईट के प्रायः सभी प्लेटफार्मों पर तमाम वीडियो व पोस्ट डाल कर सेवा सहयोग के नाम पर दस - बीस रूपये का सामान देते हुए उनके वीडियो, लाइव कन्टेट अपलोड कर बाढ़ प्रभावित लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे लोगों की चहुँओर तीखी आलोचना की जा रही है।
- Legend News

Recent Comments