रिपोर्ट : LegendNews
कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट KAP'S CAFE पर गोलीबारी
कॉमेडियन कपिल शर्मा का नया रेस्टोरेंट, KAP'S CAFE हाल ही में कनाडा में खुला था। बुधवार रात ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गोलीबारी हुई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार कैफे पर कई राउंड गोलीबारी की गई। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। लड्डी भारत की एनआईए का मोस्ट वांटेड आतंकवादी है और BKI (बब्बर खालसा इंटरनेशनल) से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक लड्डी ने कपिल शर्मा के किसी पुराने बयान को लेकर इस हमले को अंजाम देने की बात कही है। घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें एक आदमी रात को कैफे की खिड़कियों पर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और गोलीबारी की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की तरफ से कैफे के बाहर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए हैं।
KAP'S CAFE का हाल ही में भव्य उद्घाटन हुआ था और यह कपिल शर्मा का पहला इंटरनेशनल रेस्टोरेंट प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट और उसके नजदीक बनी अन्य बिल्डिंग जिन पर फायरिंग हुई है, उसका मालिक एक अन्य शख्स है।
-Legend News

Recent Comments