रिपोर्ट : LegendNews
भारत विरोधी फर्जी वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने वरिष्ठ अधिवक्ता व एक्टिविस्ट प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि प्रशांत भूषण पर आरोप है कि उन्होंने रूस के विदेश मंत्री का भारत विरोध कथित तौर पर एडिटेड और फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि शेयर की गई वीडियो में रूसी विदेश मंत्री द्वारा भारत की आलोचना की गई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह मामला साइबर पेट्रोलिंग के दौरान सामने आया था। पुलिस का कहना है कि 3 नवंबर 2026 को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान एक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जानकारी पता लगा थी कि प्रशांत भूषण के सोशल मीडिया हैंडल से रूस के विदेश मंत्री का भारत विरोधी कथित डॉक्टर्ड वीडियो शेयर किए जाने का दावा किया गया है।
पुलिस ने क्या आरोप लगाए?
पुलिस ने आरोप लगाया है कि इस वीडियो के माध्यम से भ्रामक, मानहानिकारक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित की गई, जिससे सार्वजनिक उपद्रव और अफवाह फैलने की आशंका थी। इस मामले में स्पेशल सेल थाने में FIR दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(1)(c), 356 और 340(2) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल मामले में जांच कर रही है।
पुलिस ने कौन सी धाराओं में प्रशांत भूषण के खिलाफ दर्ज की FIR?
दिल्ली पुलिस ने प्रशांत भूषण के खिलाफ धारा 336 (4) दर्ज की है, जिसके तहत किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से फर्जी दस्तावेज तैयार करना होता है।
धारा 353(1)(c) सार्वजनिक उपद्रव से जुड़ी धारा होती है। जिसमें ऐसा झूठा बयान, सूचना, अफवाह या रिपोर्ट शेयर करना जिससे किसी वर्ग या समुदाय को दूसरे वर्ग या समुदाय के खिलाफ अपराध करने के लिए उकसाने का इरादा हो या ऐसी आशंका हो।
BNS की धारा 356 मानहानि की धारा होती है। इसमें किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली बात कहना, लिखना, प्रकाशित करना या संकेतों के जरिए प्रसारित करना।
धारा 340(2) फर्जी दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का असली बताकर इस्तेमाल को लेकर लगाई जाती है।
जबकि IT एक्ट की धारा 66C किसी दूसरे व्यक्ति के इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर, पासवर्ड या विशिष्ट डिजिटल पहचान का धोखाधड़ी से इस्तेमाल करने से जुड़ी होती है।
-Legend News

Recent Comments