रिपोर्ट : LegendNews
फीफा वर्ल्ड कप: कोलंबिया को हराकर 72 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचा स्विट्ज़रलैंड
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड ने रोमांचक मुकाबले में कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमों के बीच कोई भी गोल नहीं हो सका, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें रूबेन वर्गास ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलकर स्विट्जरलैंड की जीत सुनिश्चित कर दी।
72 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचा स्विट्जरलैंड
इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने इतिहास रच दिया। टीम 1954 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। 1954 में स्विट्जरलैंड ने मेजबानी करते हुए अंतिम-8 में जगह बनाई थी। अब 72 साल बाद टीम ने फिर से यह उपलब्धि हासिल की है। स्विट्जरलैंड ने अपने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में चौथी बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 21वीं सदी में चार संस्करणों में टीम अंतिम-16 तक पहुंच सकी, जिसमें पिछले तीन संस्करण शामिल हैं।
कोलंबिया को लगा झटका
पेनाल्टी शूटआउट के दौरान कोलंबिया को शुरुआत में झटका लगा जब डेविंसन सांचेज जाली में गेंद को भेद नहीं सके। वहीं, कूचो हर्नांडेज के प्रयास को गोलकीपर ने बचा लिया। स्विट्जरलैंड के रुबेन वर्गास ने निर्णायक शूट करके गत चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ अंतिम-8 का मुकाबला तय किया।
दोनों टीमों ने किया संघर्ष
बता दें कि मैच में दोनों टीमें गोल करने के अच्छे मौके नहीं बना सकी। दोनों ही टीमों को गोल करने के मौके भी कम ही मिले। अतिरिक्त समय में मैच गया जब कुछ उत्साह के पल देखने को मिले। कोलंबिया के जॉन लुकुमी ने हेडर के जरिये गोल दागने का प्रयास जरूर किया, लेकिन स्विस स्थानापन्न खिलाड़ी जेकी आमडूनी ने बचाव किया।
अब अर्जेंटीना से होगी टक्कर
क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड का सामना गत चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। यह मुकाबला शनिवार को अमेरिका के कैनसस सिटी स्थित एरोहेड स्टेडियम में खेला जाएगा। अर्जेंटीना ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मिस्र को 3-2 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया था।
अहम खिलाड़ी की गैरमौजूदगी के बावजूद मिली जीत
स्विट्जरलैंड इस मुकाबले में अपने युवा मिडफील्डर जोहान मन्जाम्बी के बिना उतरा था। मन्जाम्बी सोमवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे और इस कारण मैच नहीं खेल सके। इसके बावजूद स्विस टीम ने शानदार अनुशासन और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए कोलंबिया को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया और अंत में पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर ली।
-Legend News

Recent Comments