रिपोर्ट : LegendNews
फीफा वर्ल्ड कप 2026: 17 जून का दिन बेहद खास, कुल 10 टीमें उतरेंगी मैदान में
फीफा वर्ल्ड कप 2026 धमाकेदार अंदाज में आगे बढ़ रहा है। अबतक 20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। 17 जून का दिन टूर्नामेंट के लिहाज से बेहद खास होने वाला है। कुल 10 टीमें मैदान पर उतरने वाली हैं। जिसमें क्रिस्टियानों रोनाल्डो की पुर्तगाल और लियोनल मेसी की अर्जेंटीना शामिल हैं। आइए जानते हैं आप इन मैचों को कब-कब देख सकते हैं।
फ्रांस बनाम सेनेगल (12:30 AM)
17 जून को पहला मुकाबला फ्रांस और सेनेगल के बीच होने वाला है। यह टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक भिड़ंतों में गिना जा सकता है। फ्रांस की टीम का अनुभव और आक्रामक शैली उन्हें फेवरेट बनाती है। सभी खिलाड़ी अच्छे फॉर्म के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 में आ रहे हैं। वहीं सेनेगल अपनी तेज गति और शारीरिक खेल के लिए जाना जाता है। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता ह। जहां शुरुआती बढ़त निर्णायक साबित हो सकती है। यह मैच न्यूयॉर्क में खेला जाने वाला है।
इराक बनाम नॉर्वे (3:30 AM)
ग्रुप-I के दूसरे मुकाबले में इराक का सामना नॉर्वे से होगा। नॉर्वे के पास यूरोपीय फुटबॉल का अनुभव और मजबूत खिलाड़ियों का समूह है। जबकि इराक अंडरडॉग के रूप में 40 साल के लंबे इंतजार के बाद विश्व कप के मैदान में उतरेगा। इराक की कोशिश रक्षात्मक खेल के जरिए अंक हासिल करने की होगी। दूसरी ओर नॉर्वे आक्रामक शुरुआत कर जीत के साथ अभियान का आगाज करना चाहेगा। मार्टिन ओडेगार्ड और अलेक्जेंडर इस मुकाबले में प्रमुख खिलाड़ी हो सकते हैं।
अर्जेंटीना बनाम अल्जीरिया (6:30 AM)
पिछली बार की चैंपियन अर्जेंटीना ग्रुप-J में अल्जीरिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। जाहिर तौप पर लियोनल मेसी इस मैच में नजर आने वाले हैं। उनकी टीम का पक्ष मजबूत दिख सकता है। 2022 में खिताब जीतने का कॉन्फीडेंस भी अर्जेंटीना के लिए वरदान बन सकता है। दूसरी ओर अल्जीरिया के पास भी उलटफेर करने की क्षमता है और वह मजबूत टीमों को चुनौती देने के लिए जानी जाती है। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें इस मुकाबले पर खास तौर पर टिकी रहेंगी।
ऑस्ट्रिया बनाम जॉर्डन (9:30 AM)
ग्रुप-J में सुबह 9:30 बजे ऑस्ट्रिया और जॉर्डन आमने-सामने होंगे। ऑस्ट्रिया यूरोपीय फुटबॉल की अनुशासित टीम के रूप में मैदान में उतरेगा। जबकि जॉर्डन एशियाई फुटबॉल की नई ताकत के रूप में अपनी छाप छोड़ना चाहेगा। क्योंकि 28 साल के अंतराल के बाद कोच राल्फ रंगनिक के मार्गदर्शन में उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप में वापसी की है। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि शुरुआती जीत अगले दौर की राह आसान बना सकती है।
पुर्तगाल बनाम डीआर कांगो (10:30 PM)
दिन के आखिरी मुकाबले में क्रिस्टियानों रोनाल्डो को एक्शन में देखने का इंतजार खत्म होने वाला है। रात 10:30 बजे पुर्तगाल और डीआर कांगो की टक्कर होने वाली है। पुर्तगाल तकनीकी रूप से मजबूत और संतुलित टीम मानी जाती है। जबकि डीआर कांगो अपनी शारीरिक क्षमता और तेज काउंटर अटैक के लिए मशहूर है। पुर्तगाल जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत कर अपने इरादे साफ करना चाहेगा। वहीं अफ्रीकी टीम डीआर कांगो किसी भी तरह का उलटफेर कर दुनिया को चौंकाने की कोशिश करेगी।
-Legend News

Recent Comments