रिपोर्ट : LegendNews
पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस पर किसानों का सम्मान
मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा विश्वविद्यालय के मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय द्वारा दिनांक 9-10 जुलाई को राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. देश दीपक सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्धाटन योगेश चौधरी, सदस्य विधान परिषद, उत्तर प्रदेश तथा डॉ. देविका पिल्लै, सहायक महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अरूण कुमार मदान कुलपति, दुवासु द्वारा की गई।
मुख्य अतिथि योगेश चौधरी ने किसानों से मत्स्य पालन के उन्नत एवं वैज्ञानिक तौर तरीकों को अपनाने का आव्हान किया तथा बताया कि फिशरीज में स्नातक तथा उच्च शिक्षा से रोजगार प्राप्ति की अपार सभावनाए हैं। क्षेत्र के लगभग 100 मत्स्य पालकों की उपस्थिति में चार मत्स्य पालकों को उत्कृष्ट मत्स्य पालक का सम्मान दिया गया। मत्स्य उत्पादन तथा उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए विशिष्ठ अतिथि डॉ. हरेन्द्र प्रसाद, उप निदेशक आगरा मण्डल तथा अभिषेक शुक्ला, ए जीएम नाबार्ड द्वारा सम्बोधित किया गया।
इस अवसर पर मत्स्य पालन से सम्बन्धित तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें फिशरीज सेक्टर से जुड़ी विभिन्न कम्पनियों ने प्रदर्शनी में भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, मत्स्य एवं पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय भारत सरकार के वित्तीय सहयोग एवं मार्ग दर्शन में किया गया जिसमें प्रधान मंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सभी यमुना नदी में भारतीय कार्प मछलियों की बड़े आकार की अंगुलिकाओं को छोड़कर रीवर रैचिंग की गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने मत्स्य पालन तथा पशुपालन के समन्वित व्यवहार से किसानों की आय वृद्धि तथा समृद्धि का विस्तार से वर्णन किया। मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नित्यानन्द पाण्डेय ने महाविद्यालय को फिशरीज शिक्षा के लिए उत्कृष्ट तथा क्षेत्र के किसानों के लिए मत्स्य पालन तकनीकी जानकारी का एक प्रमुख केन्द्र बताया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक तथा अधिकारीगणों ने भाग लिया तथा कार्यक्रम व्यवस्था में डॉ. लक्ष्मी प्रसाद, डॉ. परमवीर सिंह, डॉ. मुक्ता सिंह, डॉ. आर श्रीनू, श्री अम्बरीश सिंह एवं कु. साक्षी मौर्या तथा श्री शकील अहमद खॉ और श्री सन्तोष कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई।
- Legend News

Recent Comments