रिपोर्ट : LegendNews
आज के ही दिन पैदा हुए थे सिने जगत के गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी
प्रसिद्ध गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी का आज जन्मदिन है। 27 नवम्बर 1952 को कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में पैदा हुए बप्पी लाहिड़ी का वास्तविक नाम 'अलोकेश लाहिड़ी' था। सोने के गहनों से लदे बप्पी लाहिड़ी के संगीत में अगर डिस्को की चमक-दमक नज़र आती थी तो उनके कुछ गाने सादगी और गंभीरता से परिपूर्ण हैं। 'बप्पी दा' के नाम से मशहूर बप्पी लाहिड़ी ने 1970 से 1990 के दशक में भारतीय सिनेमा को 'आई एम ए डिस्को डांसर', 'जिमी जिमी', 'पग घुंघरू', 'इंतेहान हो गई', 'तम्मा तम्मा लोगे', 'यार बिना चैन कहां रे' और 'चलते चलते' जैसे बहतरीन डिस्को गीत दिए थे। 16 फरवरी 2022 को बप्पी लाहिड़ी का मुंबई में निधन हो गया।
परिचय
बप्पी लाहिड़ी एक धनाढ्य संगीत घराने से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता अपरेश लाहिड़ी प्रसिद्ध बंगाली गायक थे। उनकी माता बांसरी लाहिड़ी भी बांग्ला संगीतकार थीं। बप्पी दा अपने माता-पिता की अकेली संतान थे। बचपन से ही उन्होंने विश्व प्रसिद्ध होने के सपने देखना शुरू कर दिया था। तीन साल की उम्र में तबला सीखने के साथ उन्होंने संगीत की शिक्षा लेनी शुरू की। संगीतकार किशोर कुमार और एस. मुखर्जी उनके संबंधी थे। उन्होंने संगीत अपने माता-पिता से ही सीखा और 19 साल की उम्र में पहली बार उन्हें बंगाली फिल्म 'दादु' में गाना गाने के लिए चुना गया।
बप्पी लाहिड़ी अपने हिट नंबरों के लिए उतने ही प्रसिद्ध थे, जितने सोने के प्रति उनके आकर्षण के लिए। उन्होंने आखिरी बार 2020 की फिल्म 'बागी 3' के लिए गीत की रचना की थी।
व्यक्तित्व
बप्पी लाहिड़ी की बात हो और उनके स्टाइल पर नजर ना जाए, ऐसा हो ही नहीं सकता। महंगे और सोने के गहने पहनने वाले बप्पी लाहिड़ी हमेशा रॉकस्टार की लुक में नजर आते थे। बातचीत के ढंग से भी वह एक ऐसा मिश्रण लगते थे, जिसमें भारतीय रंग रूप के साथ अधिक मात्रा में विदेशी फैशन हो। उनके पहनावे में अधिकतर ट्रैकसूट या कुर्ता पायजामा होता था। इसके साथ ही बप्पी लाहिड़ी अपने धूप के चश्मों को गर्मी हो या सर्दी कभी नहीं छोड़ते थे।
उन्होंने अपने एलबमों में अशोक कुमार और आशा भोंसले की आवाज का बखूबी इस्तेमाल किया। एलिशा चिनॉय और ऊषा उथुप के साथ मिलकर उन्होंने कई हिट नंबर दिए। हालांकि उन पर कई बार विदेशी धुनों को भी चुराने का आरोप लगा, पर उन्होंने आगे बढ़ने पर ही जोर दिया।बप्पी लाहिड़ी ने बॉलिवुड में गीतों को पॉप का तड़का लगाया और भारतीय दर्शकों को एक नया स्वाद प्रदान किया। भारतीय संगीत जगत में एक समय ऐसा भी था जब बप्पी लाहिड़ी का नाम आते ही लोगों के जहन में झुमते हुए गाने और बेहतरीन म्यूजिक घूमता था।
Compiled: Legend News

Recent Comments