रिपोर्ट : LegendNews
श्रीमद्भागवत महापुराण के प्रत्येक श्लोक में है श्रीकृष्ण-प्रेम की सुगन्ध: महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद
वृन्दावन। कालीदह क्षेत्र स्थित अखण्ड दया धाम में मंगलायतन सेवा ट्रस्ट के द्वारा सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ प्रारम्भ हो गया है,जो कि 18 सितम्बर 2026 तक चलेगा।महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल परिक्रमा मार्ग से कथा स्थल तक गाजे-बाजे के मध्य निकाली गई श्रीमद्भागवतजी की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ।तत्पश्चात व्यासपीठ पर आसीन अखण्ड दया धाम के संस्थापक महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी भास्करानंद महाराज ने अपनी सुमधुर वाणी में देश-विदेश से आए सभी भक्तों-श्रृद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण के महात्म्य की कथा श्रवण कराते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण प्राचीन भारतीय वाङ्मय का मुकुटमणि है। भगवान शुकदेव द्वारा महाराज परीक्षित को विस्तार से सुनाया गया यह दिव्य ग्रंथ भक्ति मार्ग से प्रभु की प्राप्ति कराने वाला सुगम मार्ग है। इसके प्रत्येक श्लोक में श्रीकृष्ण-प्रेम की सुगन्ध है। इसमें साधन-ज्ञान, सिद्धज्ञान, साधन-भक्ति, सिद्धा-भक्ति, मर्यादा-मार्ग, अनुग्रह-मार्ग, द्वैत, अद्वैत समन्वय के साथ प्रेरणादायी विविध उपाख्यानों का अद्भुत समावेश है।
श्रद्धेय स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत की कथा भक्तिरस तथा अध्यात्म ज्ञान का समन्वय है। श्रीमद्भागवत महापुराण निगमकल्पतरु का स्वयंफल माना जाता है, जिसे नैष्ठिक ब्रह्मचारी तथा ब्रह्मज्ञानी महर्षि शुक ने अपनी मधुर वाणी के द्वारा संयुक्त कर अमृतमय बनाया है।इसीलिए इसकी कथा सभी प्राणियों के लिए कल्याणकारी है।
इससे पूर्व मुख्य यजमान खंडेलवाल परिवार, इन्दौर के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीमद्भागवत ग्रंथ व व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया गया।
इस अवसर पर साध्वी कृष्णानंद महाराज, सतीश खंडेलवाल, श्रीमती कल्पना खंडेलवाल (इन्दौर),प्रख्यात साहित्यकार "यूपी रत्न" डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, डॉ. राधाकांत शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- Legend News

Recent Comments